बीकानेर हाउस में ‘तीजोत्सव आयोजित

जयपुर, 18 अगस्त । नई दिल्ली स्थित बीकानेर हाउस में चल रहे ‘तीजोत्सव-2026’ का मंगलवार को अवलोकन करते हुए केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री और अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी ने कहा कि राजस्थानी परिधान भारतीय संस्कृति और परंपरा की समृद्ध विविधता का एक महत्वपूर्ण प्रतीक है। राजस्थान की भौगोलिक परिस्थितियों, लोक जीवन, रीति-रिवाजों और कला परंपराओं ने यहां की वेशभूषा को विशिष्ट पहचान प्रदान की है। पुरुषों की धोती-कुर्ता, अंगरखा, साफा और पगड़ी तथा महिलाओं की घाघरा-चोली, ओढ़नी और पारंपरिक आभूषण राजस्थान की सांस्कृतिक पहचान को दर्शाते हैं।

प्रमुख आवासीय आयुक्त रोहित कुमार ने केन्द्रीय मंत्री का तीजोत्सव 2026 में स्वागत करते हुए उन्हें उत्सव में लगे स्टाॅल्स का अवलोकन करवाया। इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री ने स्टेज पर आकर सभी आंगतुकों को राजस्थानी कला और संस्कृति के बारे में अवगत करवाया। श्री चौधरी तीजोत्सव के भव्य और सफल आयोजन के लिए प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी को तीज की शुभकामनाएं प्रेषित की।

इस अवसर पर प्रमुख आवासीय आयुक्त ने केन्द्रीय मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि इस उत्सव के आयोजन का उद्देश्य राजस्थान की लोक संस्कृति, कला, परंपरा एवं विरासत के संरक्षण और संवर्धन के साथ-साथ देशभर में राजस्थानी संस्कृति की विशिष्ट पहचान को और अधिक सुदृढ़ करना है। बीकानेर हाउस में आयोजित यह उत्सव दिल्लीवासियों एवं राजस्थान के बाहर निवास करने वाले राजस्थानी समाज के लिए राजस्थान की सांस्कृतिक विविधता से रूबरू होने का विशेष अवसर प्रदान कर रहा है।

दस दिवसीय तीजोत्सव में प्रत्येक दिन नई प्रतियोगिताओं के आयोजन की श्रृंखला में राजस्थानी परिधानों के प्रदर्शन के लिए एक रैम्प शो का आयोजन किया गया। जिसमें हर वर्ग के पुरूष, महिला एवं बच्चों ने भाग लिया। विजेता प्रतिभागियों को सम्मान स्वरूप उपहार भी भेंट किए गए।

इस अवसर पर संयुक्त आवासीय आयुक्त रिंकु मीना ने बताया कि उत्सव में 19 अगस्त को गायन प्रतियोगिता, 20 अगस्त को साफा-पगड़ी बांधने की प्रतियोगिता तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके अतिरिक्त उत्सव के दौरान बच्चों एवं आमजन की भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए भी विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताएं रखी गई हैं। 21 अगस्त को बच्चों के लिए मैथमेटिकल रेस, 22 अगस्त को लेमन स्पून रेस तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 23 अगस्त को रस्साकशी प्रतियोगिता के साथ प्रसिद्ध लोक कलाकार कुटले खां द्वारा विशेष लोक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.