रिश्वत लेते पकड़े थानाधिकारी के घर-लॉकर खंगालने में मिला 5.25 किलो चांदी और 20 तोला सोना

जयपुर, 15 सितंबर । भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने रिश्वत प्रकरण में गिरफ्तार सांभरलेक थानाधिकारी पुलिस निरीक्षक राममिलन मीणा के सरकारी क्वार्टर, जगतपुरा स्थित आवास और दो बैंक लॉकरों की तलाशी में नकदी, वाहन, चांदी और सोने के आभूषण बरामद किए हैं।

एसीबी जयपुर नगर-प्रथम के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेन्द्र ने बताया कि एसीबी जयपुर नगर-प्रथम इकाई ने 13 सितंबर को ट्रैप कार्रवाई कर राममिलन मीणा को 50 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। इसी दिन सांभरलेक थाना परिसर स्थित उसके सरकारी क्वार्टर की खानातलाशी ली गई। यहां से 50 हजार रुपए नकद और आरोपी के नाम पंजीकृत ग्रैंड विटारा वाहन मिला।

इसके बाद एसीबी जयपुर ग्रामीण के पुलिस निरीक्षक देवेन्द्र प्रसाद ने आरोपी के 63-ए, महादेव नगर, जगतपुरा स्थित आवास की खानातलाशी ली। जांच में यह विला आरोपी के नाम होना पाया गया। तलाशी के दौरान आरोपी और उसके पिता के नाम से बैंक ऑफ इंडिया, एमआई रोड, जयपुर और एसबीआई, मंडावरी, दौसा में संयुक्त लॉकर होने की जानकारी सामने आई। दोनों बैंक लॉकरों की तलाशी में करीब 5.25 किलोग्राम चांदी मिली, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 12.50 लाख रुपए बताई गई है। वहीं करीब 20 तोला सोने के आभूषण मिले, जिनकी अनुमानित कीमत 29 लाख रुपए आंकी गई है। एसीबी के अनुसार खानातलाशी और बैंक लॉकरों से मिली संपत्ति एवं दस्तावेजों के आधार पर इनके स्रोत, स्वामित्व और आय के ज्ञात स्रोतों से संबंध की जांच की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.