प्रो रेसलिंग लीग की दिल्ली में वापसी, छठे सत्र में उतरेंगे 86 पहलवान

नई दिल्ली, 09 अक्टूबर । प्रो रेसलिंग लीग का छठा सत्र 9 से 26 जनवरी, 2027 तक नई दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम स्थित केडी जाधव कुश्ती एरिना में आयोजित किया जाएगा। भारतीय कुश्ती महासंघ के तत्वावधान में होने वाली इस लीग में छह फ्रेंचाइजी की टीमें हिस्सा लेंगी और 86 पुरुष एवं महिला पहलवान अपना दमखम दिखाएंगे। इनमें 34 अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता और ओलंपिक खेलों में हिस्सा ले चुके पहलवान शामिल होंगे।

शुक्रवार को नई दिल्ली में आयोजित भव्य शुभारंभ समारोह में एशियाई खेल-2026 में पदक जीतने वाले भारतीय पहलवानों को सम्मानित किया गया। पुरुषों की 65 किलोग्राम फ्रीस्टाइल स्पर्धा में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने वाले सुजीत कलकल और पेरिस ओलंपिक-2024 के कांस्य पदक विजेता अमन सहरावत को सम्मानित किया गया। अमन ने एशियाई खेलों में भी स्वर्ण पदक जीता था। इनके अलावा अंतिम पंघाल, नितेश सिवाच, दीपक पूनिया और सुनील कुमार को भी सम्मान मिला।

प्रो रेसलिंग लीग के छठे सत्र में मुंबई डंगल्स के टाइगर्स, हरियाणा थंडर्स, दिल्ली दंगल वॉरियर्स, महाराष्ट्र केसरी, पंजाब रॉयल्स और यूपी डॉमिनेटर्स की टीमें खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी। जापान की ओलंपिक चैंपियन युई सुसाकी सहित कई अंतरराष्ट्रीय दिग्गज पहलवान भी प्रतियोगिता का हिस्सा होंगे।

प्रतियोगिता में ओलंपिक कुश्ती की नौ भार श्रेणियां शामिल होंगी। पुरुषों के मुकाबले 57, 65, 74, 86 और 125 किलोग्राम वर्ग में होंगे, जबकि महिलाओं की स्पर्धाएं 53, 57, 62 और 76 किलोग्राम वर्ग में आयोजित की जाएंगी।

लीग में मुकाबलों का प्रारूप दो-दो तीन मिनट के राउंड का होगा। इसमें ‘पावर मिनट’ भी जारी रहेगा, जिसके तहत मुकाबले के अंतिम 60 सेकंड में बनाए गए अंक दोगुने गिने जाएंगे। इससे मुकाबलों के अंतिम क्षणों में रोमांच बढ़ने की उम्मीद है।

प्रो रेसलिंग लीग के अध्यक्ष दयान फारूकी ने कहा, “कुश्ती भारत की खेल संस्कृति में गहराई से रची-बसी है और हमारे पहलवानों ने लगातार वैश्विक मंच पर देश का गौरव बढ़ाया है। प्रो रेसलिंग लीग का छठा सत्र इस समृद्ध विरासत का उत्सव है और खेल को नए वैश्विक मानकों तक ले जाने की दिशा में भी एक कदम है।”

उन्होंने कहा, “हमारा दृष्टिकोण हमेशा हर सत्र में लीग को अलग फ्रेंचाइजी शहर में आयोजित करने का रहा है, ताकि देशभर के प्रशंसकों को विश्वस्तरीय कुश्ती देखने का अवसर मिले। दिल्ली में दुनिया के बेहतरीन पहलवानों का स्वागत करते हुए हमें खुशी हो रही है। हमें उम्मीद है कि यह आयोजन प्रशंसकों के लिए यादगार अनुभव साबित होगा और भारत में कुश्ती की लोकप्रियता को और मजबूत करेगा।”

लीग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अखिल गुप्ता ने कहा कि छठे सत्र का उद्देश्य आज के खेल प्रशंसकों की अपेक्षाओं के अनुरूप उच्च स्तरीय और प्रशंसक-केंद्रित प्रतियोगिता पेश करना है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की समृद्ध कुश्ती परंपरा और खेल के प्रति लोगों का उत्साह इस आयोजन को खास बनाता है। उन्होंने सम्मान समारोह को भारतीय कुश्ती को ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाले खिलाड़ियों के समर्पण को समर्पित बताया।

एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता अमन सहरावत ने कहा, “ओलंपिक और एशियाई खेलों में पदक जीतना वर्षों के त्याग, अनुशासन और कड़ी मेहनत का परिणाम है। दिल्ली में कुश्ती समुदाय और प्रशंसकों के सामने इन उपलब्धियों के लिए सम्मानित होना मेरे लिए बेहद खास है। ऐसे क्षण उस सफर और उन लोगों की याद दिलाते हैं, जिन्होंने हर कदम पर हमारा साथ दिया। प्रो रेसलिंग लीग की राजधानी में वापसी देखना भी उत्साहजनक है। मुझे उम्मीद है कि इससे कुश्ती नए दर्शकों तक पहुंचेगी और अगली पीढ़ी के पहलवानों को प्रेरणा मिलेगी।”

सुजीत कलकल ने कहा, “प्रो रेसलिंग लीग ने मेरे कुश्ती करियर में अहम भूमिका निभाई है। दुनिया के सर्वश्रेष्ठ पहलवानों के साथ और उनके खिलाफ मुकाबला करने से मुझे अनुभव, आत्मविश्वास और बड़े लक्ष्य हासिल करने का विश्वास मिला। एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता के रूप में सम्मानित होना मेरे लिए विशेष एहसास है। प्रो रेसलिंग लीग मेरे सफर का महत्वपूर्ण हिस्सा रही है और मैं इसकी दिल्ली में वापसी को लेकर उत्साहित हूं। यह लीग युवा भारतीय पहलवानों को बड़े सपने देखने का मंच देती रहेगी।”

2015 में शुरुआत के बाद प्रो रेसलिंग लीग के पांच सत्रों में कई यादगार मुकाबले और प्रतिद्वंद्विताएं देखने को मिली हैं। पिछले सत्र के फाइनल में मौजूदा चैंपियन हरियाणा थंडर्स ने दिल्ली दंगल वॉरियर्स को 5-4 से हराकर खिताब अपने नाम किया था। आयोजकों के अनुसार छठे सत्र से जुड़ी प्रसारण साझेदारियों तथा खिलाड़ियों की नीलामी की तारीख और स्थान की घोषणा आने वाले सप्ताहों में की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.