चौधरी चरण सिंह अवॉर्ड्स 2026 के लिए नामांकन आमंत्रित, 30 नवंबर तक करें आवेदन

लखनऊ, 21 अक्टूबर । भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की स्मृति में किसान ट्रस्ट की ओर से दिए जाने वाले ‘चौधरी चरण सिंह अवॉर्ड्स-2026’ के लिए नामांकन आमंत्रित किए गए हैं। कृषि, किसान कल्याण, ग्रामीण विकास, सामाजिक सेवा और पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को इन पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। पुरस्कार समारोह 20 दिसंबर को नई दिल्ली स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया, रफी मार्ग पर आयोजित होगा। नामांकन भेजने की अंतिम तिथि 30 नवंबर निर्धारित की गई है।

यह जानकारी राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने बुधवार को दी। उन्होंने बताया कि किसान ट्रस्ट की ट्रस्टी एवं रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह की पत्नी चारु चौधरी के मार्गदर्शन में इन पुरस्कारों का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य चौधरी चरण सिंह के विचारों और आदर्शों से प्रेरित होकर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं को पहचान और सम्मान देना है।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष पांच श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इनमें खेती-किसानी के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘किसान पुरस्कार’, कृषि नवाचार और उन्नत खेती की पद्धतियों को प्रोत्साहित करने के लिए ‘कृषक उत्थान पुरस्कार’ तथा कृषि उद्यमिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं के लिए ‘कृषि उद्यमी पुरस्कार’ शामिल हैं।

इसी तरह सामाजिक कल्याण और जनसेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वालों को ‘सेवा रत्न पुरस्कार’ तथा पत्रकारिता के माध्यम से उल्लेखनीय योगदान करने वालों को ‘कलम रत्न पुरस्कार’ से सम्मानित किया जाएगा।

मयंक त्रिवेदी ने बताया कि सभी योग्य एवं पात्र व्यक्तियों और संस्थाओं से नामांकन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथि तक kisantrust79@gmail.com पर ई-मेल के माध्यम से अपना नामांकन भेज सकते हैं।

उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने अपना जीवन किसानों, ग्रामीण समाज और आम नागरिकों के हितों के लिए समर्पित किया। उनके विचार आज भी कृषि विकास, किसान कल्याण और सामाजिक न्याय के संदर्भ में प्रासंगिक हैं। ऐसे पुरस्कारों के माध्यम से समाज के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलने के साथ ही चौधरी चरण सिंह के विचारों और आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। उन्होंने पात्र व्यक्तियों एवं संस्थाओं से पुरस्कारों के लिए नामांकन भेजने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.