राहुल गांधी का कोलंबिया विवि में छात्रों से संवाद, भारत के आर्थिक संकट की ओर बढ़ने का दावा

न्यूयॉर्क, 18 नवंबर । कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अमेरिका में एक कार्यक्रम में कहा कि भारत में मध्यवर्गीय परिवारों के पढ़े-लिखे युवाओं का अपने भविष्य की संभावनाओं से भरोसा उठ रहा है। रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिलने से युवा निराश हैं और अब वे अपने माता-पिता के अनुभवों और करियर संबंधी सलाह पर भी सवाल उठा रहे हैं। राहुल गांधी ने इसे देश में बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी गंभीर समस्या का संकेत बताते हुए भारत के आर्थिक संकट की ओर बढ़ने का दावा किया।

राहुल गांधी ने अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित कोलंबिया विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ इंटरनेशनल एंड पब्लिक अफेयर्स में छात्रों और शिक्षकों के साथ संवाद के दौरान ये बातें कहीं। कार्यक्रम में उन्होंने अमेरिका की वरिष्ठ पत्रकार लीडिया पोलग्रीन के साथ बातचीत की और इसके बाद छात्रों तथा शिक्षकों के सवालों के जवाब दिए।

युवाओं की स्थिति पर पूछे गए सवाल के जवाब में राहुल गांधी ने कहा कि मौजूदा हालात से निराश युवाओं का एक बड़ा हिस्सा मध्यवर्गीय परिवारों से आता है। इन युवाओं ने औपचारिक शिक्षा हासिल की है लेकिन उन्हें अपने भविष्य की राह दिखाई नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि इस विषय का अध्ययन किया जा रहा है और युवाओं की निराशा की एक प्रमुख वजह उन्हें भविष्य में अवसरों की कमी महसूस होना है।

राहुल गांधी ने नई और पुरानी पीढ़ी के बीच बढ़ती दूरी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि युवा अब अपने माता-पिता से कह रहे हैं कि जब उनके पास स्थिर नौकरी या सफलता नहीं है तो वे उन्हें पुराने रास्तों पर चलने की सलाह कैसे दे सकते हैं। युवाओं का मानना है कि पिछली पीढ़ी के लिए काम करने वाले तरीके अब उनके लिए कारगर नहीं हैं।

राहुल गांधी ने कहा कि भारत एक बड़े आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था की समस्याओं को इसकी प्रमुख वजह बताया। इन समस्याओं को नजरअंदाज करने से समाधान नहीं निकलेगा।

उन्होंने चुनावी व्यवस्था पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि वर्ष 2024 के चुनाव में मतदान कर सकने वाले 14 करोड़ लोगों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए। उन्होंने चुनाव में पहले के मुकाबले 20 से 50 गुना तक अधिक धन खर्च होने का दावा भी किया। राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष के पास चुनावी धांधली के पर्याप्त सबूत हैं और चुनावी व्यवस्था में सुधार के बिना स्थिति नहीं बदलेगी।

राहुल गांधी अमेरिका के दो दिवसीय दौरे पर हैं। 18 नवंबर को शिकागो विश्वविद्यालय में छात्रों और शिक्षाविदों के साथ उनके संवाद का कार्यक्रम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.