अवैध असलहों की खरीद-बिक्री करने वाले गिरोह के दो आरोपित गिरफ्तार

मीरजापुर, 18 नवंबर । उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में विंध्याचल पुलिस और एसओजी-सर्विलांस की संयुक्त टीम ने अवैध असलहों की तस्करी करने वाले गिरोह के दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 12 बोर की गन, 303 और 315 बोर के असलहे, कारतूस, चाकू और दो मोबाइल बरामद किए हैं। गिरोह का तीसरा सदस्य अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, बुधवार को मुखबिर की सूचना पर संयुक्त टीम ने देवरहा बाबा आश्रम के सामने तालाब से बघरा तिवारी गांव की ओर जाने वाली कच्ची सड़क पर घेराबंदी की। इस दौरान बाइक सवार दो युवकों को पकड़ लिया गया। उनकी पहचान कैश खान निवासी चितावनपुर, थाना कोतवाली देहात और रमजान निवासी राजाबारी भागदेवर, बघरा तिवारी, थाना विंध्याचल के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान आरोपितों के पास से एक 12 बोर की गन, दो जिंदा और एक खोखा कारतूस 12 बोर, एक अद्धी 303 बोर, एक जिंदा कारतूस 303 बोर, एक तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस 315 बोर और एक चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने उनकी ग्लैमर बाइक के कागजात नहीं मिलने पर उसे भी सीज कर दिया।

पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि उनका तीन लोगों का गिरोह है। वे दोनों असलहे लाने और बेचने का काम करते थे, जबकि तीसरा साथी असलहों की खरीद करता था। उनके मुताबिक, एक पिस्टल 30 से 50 हजार रुपये और गन 10 से 15 हजार रुपये में बेचते हैं और बिक्री से मिली रकम आपस में बांट लेते थे।

इस मामले में विंध्याचल थाने में आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपितों को न्यायालय भेजने की कार्रवाई की गई। पुलिस टीम में एसओजी प्रभारी राजीव कुमार सिंह, विंध्याचल थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.