राम मंदिर दान विवाद

Ali Aadil Khan
Ali Aadil Khan Editor’s Desk

राम मंदिर दान विवाद: आस्था की रक्षा के लिए पारदर्शिता भी ज़रूरी
मंदिर केवल आस्था का केंद्र नहीं, करोड़ों श्रद्धालुओं के विश्वास की अमानत भी है

अयोध्या का श्रीराम मंदिर करोड़ों भारतीयों की आस्था, श्रद्धा और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है। इस मंदिर के निर्माण में देश-विदेश के लाखों लोगों ने अपनी श्रद्धा के अनुसार दान दिया। किसी ने अपनी जीवनभर की बचत समर्पित की, किसी ने सोना-चांदी चढ़ाया, तो किसी ने अपनी मेहनत की कमाई का एक हिस्सा भगवान श्रीराम के चरणों में अर्पित किया और कई लोगों ने अपनी जान भी गंवई | इसलिए मंदिर में चढ़ाया गया प्रत्येक रुपया केवल धन नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों के विश्वास और आस्था की अमानत है।

इसी कारण जब राम मंदिर में दान से जुड़े कथित चोरी और अनियमितताओं की खबरें सामने आती हैं, तो यह केवल एक आपराधिक मामला नहीं रह जाता, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं से खिलवाड़ का विषय बन जाता है। जिस किसी ने भी दान की राशि या चढ़ावे में गड़बड़ी की है, तो उसने केवल कानून का उल्लंघन नहीं किया, बल्कि हिन्दू समाज के के साथ विश्वासघात किया है।

हालांकि, महत्वपूर्ण है कि जांच पूरी होने से पहले किसी व्यक्ति या संस्था को दोषी घोषित न किया जाए। लोकतांत्रिक व्यवस्था में आरोप और अपराध सिद्ध होने के बीच स्पष्ट अंतर होता है। इसलिए जांच एजेंसियों को निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से अपनी जांच पूरी करनी चाहिए ताकि सत्य सामने आ सके।

साथ ही यह भी ध्यान रखा जाना चाहिए जिस प्रदेश में इन्साफ के लिए बुलडोज़र बाबा मशहूर है उसी प्रदेश में हिन्दू आस्था भावनाओं और दान पर डकैती का अब तक का सबसे बड़ा मामला सामने आने के बाद भी बुलडोज़र खामोश खड़ा है. और इसको अन्याय की बड़ी घटना आप कह सकते हैं.

इन्साफ का एक़ाज़ा यह है कि अपराधी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, कानून सभी के लिए समान होना चाहिए। वहीं यदि आरोप निराधार साबित होते हैं, तो संबंधित लोगों की प्रतिष्ठा भी पूरी तरह बहाल की जानी चाहिए।

इस पूरे घटनाक्रम का एक सकारात्मक पक्ष भी सामने आया है। मंदिर ट्रस्ट द्वारा प्रशासनिक बदलाव, जवाबदेही बढ़ाने और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त करने जैसे कदम यह संकेत देते हैं कि व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और पेशेवर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। यदि इन सुधारों को प्रभावी ढंग से लागू किया जाता है, तो भविष्य में ऐसी घटनाओं की संभावना कम हो सकती है।

राष्ट्रहित की दृष्टि से सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि किसी भी धार्मिक संस्था की गरिमा और विश्वसनीयता बनी रहनी चाहिए। मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा, चर्च या किसी भी धार्मिक स्थल पर श्रद्धालुओं द्वारा दिया गया दान पूरी ईमानदारी और जवाबदेही के साथ सुरक्षित रखा जाना चाहिए। धार्मिक संस्थाओं में पारदर्शिता बढ़ाना किसी धर्म के खिलाफ नहीं, बल्कि उस धर्म और उसकी प्रतिष्ठा की रक्षा का माध्यम है।

आज आवश्यकता इस बात की है कि इस मुद्दे को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का विषय बनाने के बजाय सत्य और न्याय के आधार पर देखा जाए। श्रद्धालुओं का विश्वास सर्वोपरि है, और उसी विश्वास की रक्षा करना हर जिम्मेदार संस्था, प्रशासन और समाज का कर्तव्य है।

आस्था तभी मजबूत होती है जब उसका मज़बूत आधार हो और उसके साथ ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही भी जुड़ी हो। भगवान श्रीराम का जीवन सत्य, न्याय, मर्यादा, त्याग, तपस्या और धर्म के पालन का संदेश देता है। यदि उनके मंदिर की व्यवस्था भी इन्हीं मूल्यों पर चले, तो यही श्रीराम के आदर्शों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। वर्ना पाखण्ड, लूट और स्वार्थ के सिवा कुछ भी नहीं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.