मुख्यमंत्री का पंजाब के उद्योगपतियों से आह्वान,  कौशल, तकनीक तथा व्यापार में सहयोग बढ़ाएं

चंडीगढ़, 23 सितंबर । हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब और हरियाणा के उद्योगपतियों से आह्वान किया कि आप कौशल, तकनीक तथा व्यापार के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाएं। हमारे साझा प्रयास इस पूरे क्षेत्र को उत्पादन, नवाचार और रोजगार का सशक्त केंद्र बना सकते हैं।

सैनी बुधवार को पंजाब के पटियाला जिला के दौलतपुर में जी.एस.ए इंडस्ट्रीज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के नए औद्योगिक प्लांट की आधारशिला कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री परनीत कौर ,राधा स्वामी डेरा ब्यास के आध्यात्मिक प्रमुख सरदार गुरिंदर सिंह ढिल्लो, जी. एस.ए इंडस्ट्रीज के प्रबंध निदेशक जतिंदर पाल सैनी,पंजाब भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष बीबी जयइंदर कौर, पटियाला जिला भाजपा अध्यक्ष सरदार जसपाल सिंह समेत अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि देश का सामर्थ्य तब बढ़ता है, जब उसके कारखानों में उत्पादन बढ़ता है। उसके युवाओं का कौशल निखरता है और उसके उत्पाद दुनिया का भरोसा जीतते हैं। मुख्यमंत्री ने दोनों राज्यों के भाईचारे का जिक्र करते हुए कहा कि हमारी संस्कृति, हमारी खेती, हमारे परिवार और हमारे परिश्रम की परंपरा आपस में जुड़ी हुई हैं। पंजाब का उद्यम आगे बढ़ता है तो उसकी संभावनाएं हरियाणा तक पहुंचती हैं।

उन्होंने विनिर्माण से जुड़े उद्योगपतियों एवं कर्मचारियों से भी आह्वान किया कि आओ हम सब मिलकर उत्कृष्टता का संकल्प भी लें। यहां बनने वाला हर उत्पाद अपनी गुणवत्ता से विदेशों में भी पसंद किया जाए ताकि भारत का अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर विश्वास और अधिक मजबूत हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.