नारनाैल: बाजरा बेचने को किसान घर बैठे ई-खरीद पोर्टल से तय करें शेड्यूल: अनुपमा अंजली

नारनाैल, 29 सितंबर । खरीफ फसलों की खरीद प्रक्रिया को सुचारु बनाने के लिए हरियाणा सरकार ने ई-खरीद पोर्टल और मोबाइल ऐप की सुविधा शुरू की है। किसान घर बैठे अपनी फसल बेचने का शेड्यूल तय कर सकते हैं और गेट पास जनरेट करके निर्धारित समय पर मंडी पहुंच सकते हैं। इससे किसानों को मंडी के गेट पर लंबी कतार में इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

उपायुक्त अनुपमा अंजली ने मंगलवार को अनाज मंडी नारनौल में अधिकारियों, आढ़तियों और ट्रांसपोर्टरों के साथ बैठक की। इसके बाद उन्होंने मंडी का निरीक्षण कर खरीद व्यवस्था और तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे फसल बेचने से पहले ई-खरीद हरियाणा मोबाइल ऐप डाउनलोड करें और इसके माध्यम से गेट पास जनरेट करें।

उपायुक्त ने बताया कि मंडी के गेट पर पहुंचने पर गेट पास के क्यूआर कोड को स्कैन किया जाएगा। इससे किसान बिना लंबी लाइन में लगे सीधे मंडी में प्रवेश कर सकेंगे। गेट पास जारी होने के बाद बायोमीट्रिक सत्यापन अनिवार्य होगा। इसके बाद ही ऑनलाइन नीलामी की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

उन्होंने कहा कि बाजरा लेकर मंडी आने वाले किसानों के वाहनों की नंबर प्लेट पर नंबर अंकित होना जरूरी है। फसल की बिक्री का भुगतान निर्धारित समय पर सीधे किसान के बैंक खाते में किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को मंडी में किसानों की सहायता के लिए हेल्प डेस्क स्थापित करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने किसानों से फसल को अच्छी तरह सुखाकर और साफ-सुथरा करके मंडी में लाने का आह्वान किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अटल श्रमिक किसान कैंटीन का भी जायजा लिया और किसानों व मजदूरों से भोजन तथा व्यवस्थाओं को लेकर फीडबैक लिया। कैंटीन में किसानों और मजदूरों को मात्र 10 रुपये में भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.