नितिन नवीन मुनक नहर पर 11 किमी लंबे छठ घाट का गुरुवार को करेंगे उद्घाटन

नई दिल्ली, 09 नवंबर । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन गुरुवार (12 नवंबर) को मुनक नहर पर 11 किलोमीटर लंबे छठ घाट का उद्घाटन करेंगे। बाहरी रिंग रोड से इंद्रलोक तक विकसित किए जा रहे इस घाट पर व्रतियों की सुविधा के लिए दोनों ओर सीढ़ियां और सीमेंट की सड़क बनाई जा रही है, जिससे श्रद्धालुओं को पूजा के लिए आने-जाने में सुविधा मिलेगी।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को जनसेवा सदन में छठ पूजा समितियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली जाएं। इस वर्ष दिल्लीवासियों के लिए एक विशेष आकर्षण मुनक नहर पर तैयार किया जा रहा 11 किलोमीटर लंबा छठ घाट होगा।

उन्होंने बताया कि 12 नवंबर को भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन सिंगलपुर गांव के निकट आयोजित कार्यक्रम में इस भव्य घाट का उद्घाटन करेंगे। सरकार इसे इस तरह विकसित कर रही है कि आसपास की कई विधानसभा क्षेत्रों के श्रद्धालु यहां सुविधापूर्वक छठ पूजा कर सकें। उन्होंने बैठक में कहा कि छठ महापर्व लाखों लोगों की आस्था, विश्वास और परंपरा से जुड़ा है। सरकार की प्राथमिकता है कि श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें और घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं की जरूरतों को ध्यान में रखकर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। बैठक में छठ पूजा से जुड़ी विभिन्न समितियों के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

दिल्ली में इस बार छठ पूजा के लिए लगभग 1400 से अधिक घाट तैयार किए जा रहे हैं, जबकि पिछले वर्ष 1326 घाट बनाए गए थे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि घाटों की आधारभूत तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं ताकि अंतिम समय में केवल पानी भरने, टेंट लगाने और सफाई जैसे काम ही शेष रहें। जिला प्रशासन और संबंधित विभाग अपने-अपने क्षेत्रों में घाटों का नियमित निरीक्षण करें और सामने आने वाली कमियों को तत्काल दूर करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूजा से दो दिन पहले सभी प्रमुख व्यवस्थाएं पूरी हो जानी चाहिए। अधिकारियों ने बैठक में बताया कि इस वर्ष छठ महापर्व 13 से 16 नवंबर तक मनाया जाएगा। नवंबर में संभावित ठंड को देखते हुए मुख्यमंत्री ने बड़े और मध्यम आकार के घाटों पर जरूरत के अनुसार पर्याप्त कवर वाले टेंट लगाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने महिलाओं की सुविधा को विशेष प्राथमिकता देते हुए सभी प्रमुख घाटों पर पर्याप्त संख्या में चेंजिंग रूम और शौचालय उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छठ पूजा की पवित्रता और गरिमा को ध्यान में रखते हुए इन सुविधाओं की स्वच्छता और उपयोगिता पर विशेष ध्यान दिया जाए। बड़े घाटों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित माहौल में पूजा कर सकें। मुख्यमंत्री ने घाटों और उनके आसपास के पूरे क्षेत्र में साफ-सफाई बनाए रखने पर जोर दिया। 15 एवं 16 नवंबर को श्रद्धालुओं की अधिक आवाजाही को देखते हुए सफाई कर्मचारियों और अतिरिक्त टीमों को 24 घंटे सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं।

श्रद्धालुओं को घाटों तक पहुंचने में कोई परेशानी न हो, इसके लिए मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को पहुंच मार्गों का विशेष निरीक्षण करने को कहा। घाटों तक आने-जाने वाले मार्गों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था को भी अनिवार्य बताया गया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि किसी भी रास्ते पर अंधेरा या डार्क स्पॉट नहीं रहना चाहिए। मॉडल छठ घाटों को आकर्षक और सुविधाजनक बनाने के साथ प्रमुख घाटों पर मुख्य सड़क से दिखाई देने वाले स्वागत द्वार लगाने के निर्देश भी दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.