यूडी टैक्स बकाया होने पर तीन शोरूम सीज, एक पूर्व विधायक का

जोधपुर, 23 नवम्बर । नगर निगम की ओर से यूडी टैक्स बकाया को लेकर नोटिस और सीज की कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी कड़ी में निगम ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए यूडी टैक्स बकाया होने पर तीन शोरूम पर सीज की कार्रवाई की गई। इनमें एक बाइक शोरूम का 18 लाख बकाया था, जिसे सीज किया गया। हालांकि, कार्रवाई के बाद टैक्स जमा करवा दिया गया। यूडी टैक्स 2007 से बकाया चल रहे थे। इधर, नगर निगम की टीम की ओर से बकाया यूडी टैक्स वालों को नोटिस और बिल भेजा जा रहा है।

निगम द्वारा सीज किया गया हीरो शो रूम पूर्व कैबिनेट मंत्री रामसिंह विश्नोई की पत्नी और लूणी पूर्व विधायक महेंद्र विश्नोई की दादी अमरीदेवी के नाम पर रजिस्टर्ड है। इस कार्रवाई के बाद महेंद्र विश्नोई ने कहा कि ये कार्रवाई राजनीति से प्रेरित है। लूणी विधानसभा में पंचायत चुनावों में हार से सरकार बौखलाई हुई है। नगर निगम उपायुक्त रणवीर देथा ने बताया कि महिंद्रा हीरो के शोरूम संचालक अमरीदेवी का 2007 से करीब 18 लाख 82 हजार 352 रुपए का यूडी टैक्स बकाया था।

संबंधित शोरूम संचालकों को बकाया राशि जमा करवाने के लिए पूर्व में 3 से 4 बार नोटिस जारी किए गए थे। इसके बावजूद बकाया राशि जमा नहीं करवाई गई। उन्होंने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले भी अंतिम नोटिस दिया गया था। जब बकाया राशि जमा नहीं करवाई तो नगर निगम की टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए शोरूम को सीज कर दिया। उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई के बाद बकाया टैक्स जमा करवा दिया गया है। इसके अलावा शहर के सरदारपुरा स्थित एक ज्वेलर शोरूम जिसका 19.49 लाख और एक झालामंड पाली रोड स्थित एम्पोरियम पर कार्रवाई की गई।

जोधपुर नगर निगम की ओर से 1500 प्रॉपर्टी मालिकों को नोटिस दिया गया है। इनमें 1400 तो वे लोग है, जिन्हें 15 दिन का चेतावनी नोटिस जारी किया गया है और 100 लोगों को अंतिम तीन दिन का नोटिस भेजा गया है, ताकि समय पर यूडी टैक्स जमा करवा सके। नगर निगम ने बकाया यूडी टैक्स को लेकर अभियान शुरू कर दिया है। निगम सभी को नोटिस और बिल भेज रही है। निगम की ओर से वॉट्सएप पर भी प्रॉपर्टी मालिकों को बकाया बिल भेजकर टैक्स जमा करवाने के लिए कहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.