मुस्लिम युवक को फंसाने के लिए BJP कार्यकर्ताओं ने तैयार किया हनी ट्रैप.

कासगंज के थाना गंजडुंडवारा में लव जिहाद का एक झूठा मामला सामने आया है। जहां एक मुस्लिम युवक को फंसाने के लिए युवा भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक हनी ट्रैप तैयार किया था।

इस युवा भाजपा कार्यकर्ता ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर दिल्ली से एक लड़की को पैसे देकर हायर किया, फिर फर्जी लव जिहाद का मामला तैयार कर कासगंज के थाना गंजडुंडवारा में एक मुस्लिम युवक के खिलाफ एफआइआर भी दर्ज करा दी।

मुस्लिम युवक पर फर्जी केस दर्ज कराने के लिए युवा भाजपा कार्यकर्ता ने अपने दर्जनों कार्यकर्ताओं के साथ मिलाकर पुलिस पर अच्छा खासा दबाव भी बनाया, लेकिन विवेचना के दौरान मामला फर्जी पाया गया। इसके बाद एफआइआर के लिए दबाव बनाने वाले दो युवा भाजपा कार्यकर्ताओं पर उल्टा मुकदमा दर्ज किया गया।गंजडुंडवारा सीओ आरके तिवारी ने बताया कि थाना गंजडुंडवारा में एक महिला ने एक हफ्ते पूर्व तहरीर दी गई थी। इसमें तहरीर देने वाली हिंदू महिला का आरोप था कि एक मुस्लिम युवक ने अपना हिंदू नाम रखकर उससे दोस्ती की। इसके बाद दिल्ली से गंजडुंडवारा बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया।

जब मामले की जांच की गई तो पता चला कि अवैध तरीके से धन उगाही के उद्देश्य से लव जिहाद का यह फर्जी प्रकरण तैयार किया गया है। मुस्लिम युवक को झूठे आरोप में फंसाने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई है।

दिल्ली की एक महिला ने गंजडुंडवारा के प्रिंस कुरैशी पर मोनू गुप्ता के नाम से प्रेम जाल में फंसा लेने और दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए थाना गंजडुंडवारा में केस दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस ने महिला को कोर्ट में पेश कर बयान दर्ज कराए। अपने बयानों में महिला ने पटियाली के युवा भाजपा कार्यकर्ता अमन और आकाश के कहने पर प्रिंस कुरैशी को झूठा फंसाने के लिए उसे दिल्ली से बुलाने की बात कही, फिर अपने साथ हुए दुष्कर्म और लव जिहाद होने की बात को बयानों में नकार दिया। इसके बाद पुलिस ने लव जिहाद का यह पूरा ट्रैप तैयार करने वाले अमन और आकाश को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। इलाके में तनाव पैदा करने वाले इन दोनों आरोपियों को फिलहाल कोर्ट से जमानत मिल चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.