स्वस्थ और समृद्ध समाज के निर्माण के लिए फिटनेस बेहद जरूरी : मांडविया

विशाखापत्तनम, 23 अगस्त । केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने रविवार को कहा कि स्वस्थ और समृद्ध समाज के निर्माण के लिए फिटनेस बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति फिट होता है तो समाज स्वस्थ रहता है और स्वस्थ समाज ही समृद्ध राष्ट्र का निर्माण कर सकता है।

केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने रविवार को आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में ब्रिक्स मैत्री साइकिलिंग कार्यक्रम का नेतृत्व किया। यह आयोजन ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ के 87वें संस्करण के तहत ब्रिक्स युवा एवं खेल मंत्रियों की बैठक के अवसर पर किया गया। इस बैठक की मेजबानी भारत कर रहा है।

साइकिलिंग कार्यक्रम में मिस्र, इथियोपिया, इंडोनेशिया, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), ईरान और दक्षिण अफ्रीका के मंत्री एवं विभाग प्रमुखों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम ने ब्रिक्स देशों के बीच दोस्ती, सहयोग और आपसी संबंधों की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया। इस सप्ताह के ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ की थीम ‘उन्नत भारत अभियान’ रखी गई थी।

इस अवसर पर डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि आज देशभर में 18,000 से अधिक स्थानों पर युवाओं ने ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ के तहत साइकिल चलाकर फिटनेस का संदेश दिया। साइकिल चलाने के कई फायदे हैं। यह एक बेहतरीन व्यायाम है, यातायात की भीड़ कम करने में मदद करता है और प्रदूषण घटाने में योगदान देता है। साइकिल चलाने से ईंधन की बचत होती है और विदेशी मुद्रा भी बचती है।

डॉ. मांडविया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इस संकल्प को पूरा करने के लिए हम सभी हर रविवार साइकिल चलाकर खुद को फिट रखें।”

दिल्ली में 1,000 से अधिक लोगों ने लिया हिस्सानई दिल्ली में प्रतिष्ठित मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुबह 5:30 बजे से शुरू हुए फिटनेस कार्यक्रमों में 1,000 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने योग, जुंबा और रस्सी कूदने जैसी गतिविधियों में भाग लेने के बाद इंडिया गेट के आसपास पांच किलोमीटर की साइकिलिंग की।

भारतीय हैंडबॉल टीम के पूर्व कप्तान एवं कोच नवीन पुनिया और जुंबा एवं डांस कोरियोग्राफर शिविका अश्विनी विशेष अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए।

प्रतिभागियों के लिए कैरम, शतरंज, बैडमिंटन, रस्साकशी और बाधा दौड़ सहित विभिन्न खेलों का एक विशेष गेम जोन भी बनाया गया। इसमें 5 से 85 वर्ष तक की उम्र के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

नई दिल्ली के अलावा ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ के 87वें संस्करण का आयोजन देशभर में अलग-अलग स्थानों पर किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने ‘नशामुक्त भारत’ की शपथ भी ली और नशीले पदार्थों के सेवन के खिलाफ लड़ने तथा युवाओं के बीच स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा देने के अपने संकल्प को दोहराया।

————–

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.