नैनीताल, 31 अगस्त । कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दीवान सिंह रावत को उनके अनुरोध पर पद से अवमुक्त किए जाने के बाद उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय हल्द्वानी के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी को कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। यह व्यवस्था एक सितंबर 2026 से प्रभावी होगी और नियमित कुलपति की नियुक्ति होने तक या अगले आदेश तक लागू रहेगी।
कुलाधिपति सेवानिवृत्त ले. जनरल गुरमीत सिंह की ओर से 31 अगस्त 2026 को जारी आदेश के अनुसार, शासन के 17 जुलाई 2026 के आदेश के क्रम में प्रो. दीवान सिंह रावत को 21 जुलाई 2026 से छह माह अथवा नियमित कुलपति की नियुक्ति तक कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति पद पर नियुक्त किया गया था। प्रो. रावत ने 23 अगस्त 2026 को निजी कारणों से कुलपति पद से अवमुक्त किए जाने का अनुरोध किया था, जिसे कुलाधिपति ने 31 अगस्त को अपराह्न स्वीकार कर लिया। इसके बाद उत्तर प्रदेश राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम 1973 की धारा 12 की उपधारा 10 के अंतर्गत उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय हल्द्वानी के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ एक सितंबर 2026 से कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह व्यवस्था अगले आदेश अथवा नियमित कुलपति की नियुक्ति, जो भी पहले हो, तक प्रभावी रहेगी।