गुरुग्राम में सिंगापुर की सनटेक सिटी की तर्ज पर बनेगा विश्व स्तरीय कन्वेंशन सेंटर: नायब सिंह सैनी

गुरुग्राम, 04 अक्टूबर । गुरुग्राम में 25 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित किए जाने वाले प्रस्तावित विश्व स्तरीय कन्वेंशन सेंटर से संबंधित व्यवस्थाओं और सुविधाओं का अपने सिंगापुर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने सिंगापुर स्थित प्रसिद्ध सनटेक सिटी में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने वहां संचालित कन्वेंशन सेंटर की सुविधाओं, निर्माण की तकनीक, आधुनिक इंजीनियरिंग तथा संचालन व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा सिंगापुर की सनटेक सिटी की तर्ज पर गुरुग्राम में लगभग 25 एकड़ क्षेत्र में विश्व स्तरीय कन्वेंशन सेंटर विकसित किया जाएगा। सिंगापुर की सनटेक सिटी में विकसित कन्वेंशन सेंटर में उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण इस परियोजना के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की श्रेष्ठ व्यवस्थाओं को समझने की दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण है। गुरुग्राम में प्रस्तावित कन्वेंशन सेंटर को अत्याधुनिक तकनीक और आधुनिक इंजीनियरिंग से लैस किया जाएगा, ताकि यहां बड़े अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन, व्यापारिक बैठकें, प्रदर्शनियां और वैश्विक स्तर के अन्य आयोजन आयोजित किए जा सकें। सीएम ने कहा कि विश्व स्तरीय कन्वेंशन सेंटर के निर्माण से गुरुग्राम की अंतरराष्ट्रीय पहचान और मजबूत होगी तथा राज्य में निवेश और व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। इसका सकारात्मक प्रभाव हरियाणा की अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार मानेसर में अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने के साथ-साथ एक बड़े और सुंदर पार्क का भी निर्माण करेगी। इससे क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलेगी और लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाओं के साथ हरित एवं खुला वातावरण उपलब्ध होगा।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सिंगापुर के गार्डन्स बाय द बे में पर्यावरण संरक्षण, विभिन्न पौधों की प्रजातियों के संरक्षण तथा जल प्रबंधन की उन्नत तकनीकों से संबंधित व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया। उन्होंने गार्डन में मौजूद पर्यावरण अनुकूल व्यवस्थाओं, विशेषकर जल आपूर्ति और संरक्षण संबंधी उपायों को करीब से देखा और उनकी जानकारी ली। गार्डन्स बाय द बे में मौजूद भारतीय व विदेशी पर्यटकों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की और उनके साथ फोटो खिंचवाई। कई परिवारों ने मुख्यमंत्री के साथ सेल्फी ली। मुख्यमंत्री ने विदेशी पर्यटकों से भी सहज और आत्मीय भाव से मुलाकात की तथा उनसे बातचीत की। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के सिंगापुर दौरे के दौरान हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के महानिदेशक यश गर्ग, सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के निदेशक डॉ. आदित्य दहिया तथा एचएसआईआईडीसी के प्रबंध निदेशक विनय प्रताप सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.