कपड़े खरीदकर घर लौट रहे दो छात्रों को रोडवेज बस ने कुचला, मौके पर मौत

बांसवाड़ा, 04 अक्टूबर । बांसवाड़ा-उदयपुर मार्ग पर रविवार दोपहर सुंदनी के पास हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो छात्रों की मौत हो गई। दोनों छात्र बांसवाड़ा शहर से कपड़े खरीदकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान उदयपुर की ओर से आ रही रोडवेज बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों छात्रों के सिर में गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मोटागांव थानाधिकारी देवीलाल के अनुसार मृतकों की पहचान समीर (18) पुत्र रूपलाल यादव और नीलेश (16) पुत्र विट्ठल यादव के रूप में हुई है। दोनों रविवार सुबह बाइक से कपड़े खरीदने बांसवाड़ा शहर गए थे। खरीदारी करने के बाद दोपहर करीब साढ़े 12 बजे वे वापस घर लौट रहे थे। सुंदनी के पास पहुंचने पर उदयपुर की ओर से आ रही रोडवेज बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

हादसे के बाद बस चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। बस में सवार यात्री भी रास्ते में फंस गए और बाद में अन्य वाहनों की मदद से अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए। घटना की सूचना मिलते ही मोटागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में राहगीर और स्थानीय लोग एकत्र हो गए, जिससे मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को हटाया और यातायात व्यवस्था सुचारू कराई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर हादसे के संबंध में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.