पूर्व मुख्यमंत्री का दावा- परिसीमन से केंद्र सरकार का पक्ष और विपक्ष दोनों पर होगा नियंत्रण

जोधपुर, 10 नवम्बर । पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का दावा है कि केंद्र सरकार अगर परिसीमन करने में कामयाब हो गई, तो देश में चीन, रूस और उत्तर कोरिया जैसे हालात हो जाएंगे। जहां पक्ष और विपक्ष दोनों पर इनका नियंत्रण होगा।

जोधपुर का दो दिवसीय दौरा पूरा कर रवाना होने से पहले रविवार को सर्किट हाउस में मीडिया से बात करते हुए पूर्व सीएम ने कहा कि भाजपा के इस खतरनाक खेल को अगर अभी नहीं समझे, तो सभी लोगों को भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण का बिल पहले ही पास हो चुका है। कांग्रेस लगातार इसे लागू करने की मांग कर रही है, लेकिन लोकसभा की 800 सीटें करने के लिए परिसीमन करना चाह रहे है।

एक बार इन्होंने यह कर दिया तो जिस तरह से हम असम से साफ हुए पूरा मुल्क साफ हो जाएगा। फिर इनका चीन, रूस और नार्थ कोरिया जैसे परमानेंट शासन हो जाएगा। पक्ष भी इनका और विपक्ष भी इनका। जैसे बंगाल में भाजपा जीती और ममता बनर्जी की पार्टी तोड़ दी, उनमें से विपक्ष का नेता बना दिया। वहां पक्ष-विपक्ष सब बीजेपी का है।

गहलोत ने कहा कि भाजपा के इस खतरनाक खेल को अगर अभी नहीं समझे, तो सभी लोगों को भुगतना पड़ेगा। कांग्रेस सहित पूरे विपक्ष को कमजोर करना चाहते हैं, जो लोकतंत्र के लिए सही नहीं होगा। गहलोत ने कहा कि सरकार इस पर काउंटर कर रही है। विपक्ष का अधिकार आंदोलन कर सकता है। लेकिन यह लोग अराजकता बंद करने को लेकर काउंटर कर रहे हैं, लेकिन किसी भी आंदोलन में किसी तरह की हिंसा नहीं हुई है। फिर किस बात की अराजकता की बात हो रही है। अब सभी प्रदेशों के मुख्यमंत्री और नेता सडक़ों पर उतरे हुए हैं। आए दिन ट्रैफिक जाम हो रहा है, व्यापारी और जनता दुखी हैं।

गहलोत ने कहा कि पंचायत चुनाव में कांग्रेस के प्रति अच्छा माहौल है। लेकिन नगर निगम, नगर परिषद के चुनाव में बीजेपी द्वारा परिसीमन को लेकर को बेईमानी की गई थी, उसकी कोई काट नहीं है। वह लोकतंत्र की हत्या थी। ऐसा असम और बंगाल में भी हुआ। पंचायत राज के चुनाव में भी इन लोगों ने ऐसा ही किया है। यह परंपरा लोकतंत्र के लिए अच्छी नहीं है। यह प्रदेश और देश वासियों को देश में लोकतंत्र बचाने के लिए आगे आना पड़ेगा। इसके प्रति सोचना भी पड़ेगा। तय करना पड़ेगा, कौन गलत है अगर हम गलत हैं, तो हम बात करेंगे। वे गलत हैं, उनको भी कहना पड़ेगा। वरना आने वाली पीढिय़ां उसे भुगतेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.