सोनिया गांधी की नई पुस्तक ब्लिंकिट पर 849 रुपये में बिक्री के लिए उपलब्ध

नई दिल्ली, 10 अक्टूबर । कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ क्विक कॉमर्स मंच ब्लिंकिट पर भी बिक्री के लिए उपलब्ध है।

ब्लिंकिट पर उपलब्ध उत्पादों की सूची के मुताबिक इस मंच पर यह पुस्तक 849 रुपये में उपलब्ध है। हार्डकवर में प्रकाशित इस किताब का मुद्रित मूल्य 1,299 रुपये है। इस तरह यह करीब 35 फीसदी छूट पर उपलब्ध है। ब्लिंकिट के मुकाबले ई-कॉमर्स मंच अमेजन पर इस पुस्तक की डिलिवरी में 48 घंटे तक का समय लगने का अनुमान जताया गया है।

नई दिल्ली के मध्य हिस्से में इसकी डिलिवरी का अनुमानित समय आठ मिनट बताया गया है। हालांकि, दक्षिण दिल्ली के कुछ इलाकों में यह पुस्तक फिलहाल ‘स्टॉक में नहीं, जल्द उपलब्ध होगी’ के रूप में दिखाई दे रही है। ये किराना और रोजमर्रा के जरूरी सामान की त्वरित डिलिवरी करने वाले इस मंच ब्लिंकिट का दायरा किताबों और प्रकाशन क्षेत्र तक बढ़ने का संकेत है।

हार्पर कॉलिन्स इंडिया की तरफ से प्रकाशित यह पुस्तक मंगलवार सुबह 10 बजे से देशभर में बिक्री के लिए जारी की गई है। ये दिल्ली के बहरीसन्स और मिडलैंड, चेन्नई के हिगिनबॉथम्स तथा कई राज्यों के क्रॉसवर्ड स्टोर सहित चुनिंदा किताबों की दुकानों और खुदरा केंद्रों पर उपलब्ध है।

सोनिया गांधी ने 544 पृष्ठ की इस पुस्तक में इटली में व्यतीत अपने बचपन, पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी से विवाह, भारत में अपने जीवन और सार्वजनिक जीवन के कई दशकों के सफर को दर्ज किया है। इसमें इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्याओं तथा राजनीति में उनके प्रवेश का भी उल्लेख है।

इस पुस्तक के प्रकाशन की जिम्मेदारी हार्पर कॉलिन्स इंडिया ने तब संभाली, जब पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया ने इसकी पांडुलिपि पर चर्चा के बाद भारतीय संस्करण के प्रकाशन से अपने हाथ पीछे खींच लिए।

उल्लेखनीय है कि ब्लिंकिट मंच का स्वामित्व इटर्नल लिमिटेड के पास है, जो पहले जोमैटो के नाम से जानी जाती थी। कंपनी किराना और रोजमर्रा के सामान के अलावा इलेक्ट्रॉनिक्स और किताबों जैसे उत्पादों की भी डिलिवरी करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.