गंगा जलस्तर में फिर गिरावट, खतरे के निशान से 70 सेंटीमीटर नीचे

कानपुर, 16 सितंबर ।कानपुर में गंगा के जलस्तर में एक बार फिर गिरावट दर्ज की गई है। बुधवार को कानपुर बैराज के अपस्ट्रीम में जलस्तर 114.30 मीटर रहा, जो चेतावनी स्तर से 30 सेंटीमीटर ऊपर और खतरे के निशान से 70 सेंटीमीटर नीचे है। मंगलवार के मुकाबले जलस्तर में 37 सेंटीमीटर की कमी दर्ज हुई।

बैराज के डाउनस्ट्रीम में जलस्तर 113.83 मीटर दर्ज किया गया, जबकि जलप्रवाह घटकर 3,70,392 क्यूसेक रह गया। मंगलवार को डाउनस्ट्रीम का जलस्तर 114.03 मीटर और डिस्चार्ज 4,12,548 क्यूसेक था। इस तरह एक दिन में डाउनस्ट्रीम जलस्तर 20 सेंटीमीटर और जलप्रवाह 42,156 क्यूसेक घटा है।

जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि गंगा के जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है। बाढ़ प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्रों में प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए सभी जरूरी इंतजाम रखे गए हैं।

शुक्लागंज में भी गंगा का जलस्तर घटकर 112.76 मीटर रह गया है। यहां चेतावनी स्तर 113 मीटर और खतरे का निशान 114 मीटर है। मंगलवार को शुक्लागंज में जलस्तर 113.05 मीटर दर्ज किया गया था। हरिद्वार बैराज से 71,666 और नरौरा बैराज से 62,398 क्यूसेक पानी छोड़े जाने का आंकड़ा दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.