विदेशी पर्यटक ट्रेन में भूल गया 80 हजार का मोबाइल व जरूरी कार्ड, रेलवे ने सुरक्षित लौटाए

काेटा, 13 अक्टूबर । रेलवे सुरक्षा बल ने ‘ऑपरेशन अमानत’ के तहत एक विदेशी पर्यटक का ट्रेन में छूटा लगभग 80 हजार रुपये मूल्य का मोबाइल फोन, एटीएम एवं अन्य महत्वपूर्ण कार्ड सुरक्षित बरामद कर उसे वापस सौंप दिया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि विदेशी पर्यटक थॉमस मार्टिन गाड़ी संख्या 22970 बनारस-ओखा एक्सप्रेस में आगरा से सवाई माधोपुर तक कोच HA-1 की सीट संख्या 17 पर यात्रा कर रहे थे। सवाई माधोपुर पहुंचने के बाद उन्हें मोबाइल फोन एवं कार्ड ट्रेन में ही छूट जाने की जानकारी हुई, जिस पर उन्होंने रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट सवाई माधोपुर को सूचना दी।

सूचना मिलते ही महिला प्रधान आरक्षक मधु माहेश्वरी ने कण्ट्रोल रूम कोटा के माध्यम से तत्काल समन्वय कर मोबाइल व अन्य सामान को कोटा स्टेशन पर सुरक्षित उतरवाया। इसके बाद गाड़ी संख्या 13238 कोटा -पटना एक्सप्रेस की अनुरक्षण पार्टी के माध्यम से सामान सवाई माधोपुर रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट पहुंचाया गया।

विदेशी पर्यटक थॉमस मार्टिन सवाई माधोपुर पोस्ट पहुंचे, जहां आवश्यक सत्यापन के बाद निरीक्षक मानसिंह, रेलवे सुरक्षा बल सवाई माधोपुर ने मोबाइल, एटीएम एवं अन्य महत्वपूर्ण कार्ड उन्हें सुरक्षित सुपुर्द किए। यात्री ने अपने सामान का अनुमानित मूल्य लगभग 80 हजार रुपये बताया।

रेलवे सुरक्षा बल द्वारा ‘ऑपरेशन अमानत’ के तहत यात्रियों के ट्रेनों एवं रेलवे परिसरों में छूटे सामान को सुरक्षित उनके मालिकों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.