बीकानेर, 30 अगस्त । जिले में कोलायत विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में कातरा (लट) रोग के कारण सियाणा, नैणिया, बाला, खाखूसर, हदां, लम्माणा भाटियान, लम्माणा मुलवान, खिन्दासर, नान्दड़ा, भेलू, दासौड़ी, खजोड़ा, खारा लोहान सहित आस-पास का सम्पूर्ण क्षेत्र प्रभावित हुआ जिसके कारण किसानों की मौठ, ग्वार व तिल की फसलें पूर्णतया खराब हो चुकी है। किसानों का कहना है कि उनकी 80 से 100 प्रतिशत फसल चैपट हो गई है, जबकि जिला प्रशासन के आदेश के बाद कराए गए सर्वे में गांव-वार केवल 15 से 20 प्रतिशत ही खराबा दिखाया गया है।
पूर्व मंत्री देवीसिंह भाटी ने इस सर्वे को खानापूर्ति बताते हुए जिला प्रशासन से पुनः खेतवार गिरदावरी की जावें ताकि पीड़ित किसानों को उचित मुआवजा मिलें। साथ ही राजस्थान के दक्षिणी-पश्चिमी हिस्से में मौसम विभाग की आगामी 15 दिनों तक बारिश नहीं होने की चेतावनी के बाद अकाल जैसे हालात बनने की आशंका गहरा गई है। इसको लेकर पूर्व मंत्री देवी सिंह भाटी ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन से समय रहते पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। भाटी ने कहा है कि यदि समय रहते पशुधन – गाय, भेड़, बकरी, ऊंट और आवारा पशुओं के लिए चारे-पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई तो पूरा क्षेत्र तबाही की ओर चला जाएगा। सरकार को अभी से टैंकर, चारा डिपो और पशु सेवा केन्द्र खोलने की व्यवस्था करनी चाहिए।उधर देशनोक नगरपालिका चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी कमर कस ली है। आगामी 11 सितम्बर को होने वाले मतदान से पहले पार्टी की चुनावी रणनीति को धार देने के लिए कद्दावर नेता और पूर्व मंत्री देवी सिंह भाटी साेमवार सुबह 8 बजे देशनोक पहुंचेंगे और कार्यकर्ताओं की बैठक में वे वार्ड-वार कार्यकर्ताओं से वन-टू-वन संवाद कर चुनावी फीडबैक लेंगे और जीत की रणनीति तैयार करेंगे। गौरतलब है कि देशनोक नगरपालिका के चुनाव का बिगुल बज चुका है और 11 सितम्बर को मतदान होना है। भाजपा ने इस बार देशनोक पालिका पर पूरी ताकत झोंक दी है। भाटी जैसे अनुभवी और जमीनी नेता का यह दौरा मास्टर स्ट्रोक है। इस बैठक में प्रत्येक वार्ड में भाजपा की स्थिति, बूथ प्रबंधन और कांग्रेस की अंदरूनी कलह का फायदा उठाने जैसे बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा होगी। भाटी कार्यकर्ताओं में जोश भरने के साथ-साथ ’’हर बूथ-हर घर’’ संपर्क अभियान का मंत्र भी देंगे।