“चुनाव खत्म, अब त्याग शुरू? तेल संकट पर सरकार घिरी”

क्या भारत किसी बड़े तेल संकट की दहलीज़ पर खड़ा है? क्या ईरान युद्ध का असर अब सीधे आम भारतीय की रसोई, जेब और रोज़मर्रा की ज़िंदगी तक पहुंचने वाला है? और सबसे बड़ा सवाल — अगर हालात इतने गंभीर थे, तो चार राज्यों के चुनाव तक देश को “सब चंगा सी” का एहसास क्यों कराया जाता रहा?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सिकंदराबाद भाषण के बाद अब देश में यही चर्चा है। चुनाव खत्म होते ही जनता से कहा जा रहा है — पेट्रोल कम जलाइए, विदेश मत जाइए, सोना मत खरीदिए, तेल कम खाइए, घर से काम कीजिए… यानी महंगाई और संकट का “राष्ट्रवादी प्रबंधन” अब सीधे जनता के जिम्मे!

दिलचस्प बात यह है कि जिन नेताओं की रैलियों में हेलिकॉप्टरों की कतारें लगी रहती हैं, जिनके काफ़िले किलोमीटरों तक पेट्रोल फूंकते हैं, वही अब आम आदमी को स्कूटर कम चलाने का ज्ञान दे रहे हैं। जनता पूछ रही है — क्या देश चलाने का मतलब सिर्फ़ नागरिकों को त्याग का भाषण देना रह गया है?

चुनाव खत्म, अब त्याग शुरू

पीएम मोदी ने अपने भाषण में माना कि भारत के पास पर्याप्त तेल संसाधन नहीं हैं और युद्ध के कारण पेट्रोल, डीज़ल, गैस और खाद के दाम “आसमान पार” कर चुके हैं। लेकिन सवाल यह भी उठ रहा है कि अगर स्थिति इतनी भयावह थी, तो चुनावी मंचों पर विकास और विश्वगुरु की बातें हो रही थीं, संकट की नहीं।

ईरान युद्ध और होर्मुज़ स्ट्रेट में तनाव ने दुनिया की तेल सप्लाई पर दबाव बढ़ा दिया है। भारत, जो अपनी ज़रूरत का बड़ा हिस्सा आयात करता है, अब महंगे तेल और कमजोर होते रुपये के दोहरे संकट का सामना कर सकता है। विशेषज्ञ चेतावनी दे रहे हैं कि अगर कच्चा तेल 110–120 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर टिक गया, तो महंगाई जनता की कमर तोड़ सकती है।

प्रधानमंत्री ने लोगों से एक साल तक सोना न खरीदने की भी अपील की। इसे कई अर्थशास्त्री विदेशी मुद्रा संकट की शुरुआती घंटी मान रहे हैं। यानी संदेश साफ़ है — डॉलर बचाइए, क्योंकि आगे का रास्ता आसान नहीं दिख रहा।

खाने के तेल से लेकर खाद तक, हर चीज़ पर “संयम” की सलाह दी जा रही है। किसानों से कहा गया कि खाद कम इस्तेमाल करें, आम लोगों से कहा गया कि तेल कम खाएं, और कर्मचारियों से कहा गया कि घर से काम करें। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने तंज कसा कि सरकार अब “आर्थिक सुधार” नहीं, बल्कि “आर्थिक परहेज़” लागू कर रही है।

विपक्ष ने भी सरकार पर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने कहा कि जनता को यह बताना कि क्या खरीदना है और क्या नहीं, सरकार की विफलता का प्रमाण है। वहीं प्रियंका चतुर्वेदी ने सवाल उठाया कि अगर पेट्रोल बचाना इतना ज़रूरी है, तो नेताओं के लंबे काफ़िले और भव्य सरकारी आयोजन बंद क्यों नहीं किए जाते?

राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि प्रधानमंत्री का यह भाषण केवल अपील नहीं, बल्कि आने वाले कठिन आर्थिक दौर का संकेत भी हो सकता है। सवाल अब सिर्फ़ तेल संकट का नहीं, बल्कि उस भरोसे का भी है जो चुनावी नारों और ज़मीनी हकीकत के बीच कहीं फंसता दिख रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.