डूंगरपुर में बीएपी के करीब 50 कार्यकर्ता भाजपा में शामिल

डूंगरपुर, 06 अक्टूबर । पंचायतीराज चुनाव की तैयारियों के बीच डूंगरपुर जिले के चितरी मंडल क्षेत्र में भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) से जुड़े करीब 50 कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। कार्यकर्ताओं ने जयपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के समक्ष पार्टी की सदस्यता ली।

एसटी मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बलवीर अहारी और भाजपा जिला महामंत्री पंकज जैन के नेतृत्व में कार्यकर्ता जयपुर पहुंचे थे। प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मदन राठौड़ ने नवागत कार्यकर्ताओं का भाजपा में स्वागत किया। पार्टी नेताओं ने उनसे बूथ और वार्ड स्तर पर संगठन को मजबूत करने तथा आगामी पंचायतीराज चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

बीएपी के चितरी मंडल ब्लॉक सचिव सुखलाल मकवाना के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं के भाजपा में शामिल होने की बात कही गई है। मकवाना ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में जनजाति समाज के हित में विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि टीएसपी क्षेत्र में राजनीतिक प्रतिनिधित्व से जुड़े पदों पर जनजाति समाज के लिए आरक्षण की व्यवस्था भाजपा सरकारों की देन है।

मकवाना ने बीएपी नेताओं पर समाज को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी की कार्यशैली और राजनीतिक दिशा से असंतुष्ट होकर उन्होंने अपने साथियों के साथ भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया।

डूंगरपुर में पंचायतीराज चुनाव को लेकर भाजपा सहित राजनीतिक दलों की गतिविधियां तेज हैं। भाजपा की ओर से पंचायत समिति और जिला परिषद के संभावित प्रत्याशियों के आवेदन लिए जा रहे हैं तथा वार्डवार संगठनात्मक स्थिति और संभावित दावेदारों की जानकारी जुटाई जा रही है। भाजपा नेताओं के अनुसार बूथ और वार्ड स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने के साथ पार्टी की नीतियों और केंद्र तथा राज्य सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.