बलोचिस्तान में जंगल से गायब दो चरवाहे बच्चे मृत मिले, सीटीडी अधिकारी तीन लोगों को घर से उठा ले गए

इस्लामाबाद (पाकिस्तान), 17 नवंबर । बलोचिस्तान प्रांत के शिरानी जिले में शेकर होटल के पास पहाड़ी जंगल से सोमवार दोपहर अचानक गायब हुए दो छोटे चरवाहे बच्चे मंगलवार सुबह मरे हुए मिले। इस अलावा तीन लोगों को घर से अधिकारी उठा ले गए हैं। तीनों को फिलहाल कहां रखा गया है, यह साफ नहीं हो सका है।

द बलोचिस्तान पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार शुरुआती रिपोर्ट में बच्चों की लाशों के पास ग्रेनेड या गोली जैसी कोई संदिग्ध चीज मिली है। हालांकि, बच्चों की मौत का असली कारण अभी तक पता नहीं चला है, न ही कोई पक्की पुष्टि हुई है। इनमें एक बच्चे की पहचान यतीम अली खान के तौर पर हुई है। दूसरे की पहचान जुमा गुल के बेटे के तौर पर हुई है।

इस बीच प्रांत के अलग-अलग इलाकों से तीन लोगों के जबरदस्ती गायब कर देने के मामले सामने आए हैं। बताया गया है कि 15 नवंबर को क्वेटा के मुस्तफाबाद इलाके के अब्दुल सत्तार के पुत्र 20 वर्षीय जैनुल आबेदीन को उसके घर से काउंटर टेररिज्म डिपार्टमेंट (सीटीडी) के अधिकारी उठा ले गए। रात 11 बजे क्वेटा के किलजियो इलाके के मुहम्मद असलम के बेटे 15 साल के मुराद बलोच को भी सीटीडी के कर्मचारी उठा ले गए।

रिपोर्ट के अनुसार 15 नवंबर को ही केच जिले के तरबत इलाके के केच टावर निवासी 25 वर्षीय तलाल मंजूर को डेथ स्क्वाड के अधिकारियों ने दोपहर 3 बजे हिरासत में लिया। इन तीनों को कहां रखा गया है, यह साफ नहीं हो सका है। उधर, 22 अक्टूबर से गायब साबी जिले के सांगन इलाके के अख्तर मोहम्मद का बेटा गुल अहमद 12 नवंबर को मिल गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.