बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी के विरोध में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन.

प्रदेश कांग्रेस ने बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी को लेकर राजभवन शिमला के बाहर जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। राजभवन के गेट पर पुलिस बल तैनात था। राज्यपाल से मिलने जा रहे कार्यकर्ताओं को रोक दिया गया।

इस पर कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता अलका लांबा और प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह सहित कांग्रेसी सड़क पर बैठ गए और विरोध जताने लगे।प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के नेतृत्व में देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, जीएसटी में बढ़ोतरी और अग्निपथ योजना के विरोध में कांग्रेस नेताओं ने प्रदर्शन किया।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों और निर्णयों ने देश को बर्बादी की राह पर पहुंचा दिया है। प्रतिभा ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज दबाई जा रही है। केंद्र सरकार जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। कांग्रेस भाजपा की इन ओछी हरकतों से घबराने वाली नहीं है।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं प्रदेश सह प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी जैसी समस्याओं से लोगों का ध्यान बंटाने के लिए केंद्र सरकार कांग्रेस नेताओं को झूठे केसों में फंसा रही है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की प्रवक्ता अलका लांबा ने कहा कि कांग्रेस का यह हल्ला बोल पूरे देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और अग्निपथ योजना के विरोध में है।यह विरोध तब तक जारी रहेगा, जब तक सरकार लोगों को कोई राहत नहीं देती। इस दौरान कार्यकारी अध्यक्ष हर्ष महाजन, विधायक रोहित ठाकुर, मोहनलाल ब्राक्टा, जिला शिमला शहरी अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी, ग्रामीण अध्यक्ष अतुल शर्मा, आदर्श सूद, केहर सिंह खाची, नरेश चौहान, अमित नंदा, हरीश जनारथा, युवा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष यदुपति ठाकुर, एनएसयूआई प्रदेशाध्यक्ष छतर सिंह आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.