रामनगरी में धूमधाम से मनाया गया छठ महापर्व, सरयू तट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

अयोध्या, 15 नवंबर । रामनगरी अयोध्या में लोक आस्था का महापर्व छठ श्रद्धा और उल्लास के साथ रविवार को मनाया जा रहा है। इस अवसर पर रामनगरी के नया घाट, संत तुलसी दास घाट कच्चा घाट और गुप्तार घाट सहित विभिन्न जलाशयों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। वहीं जनौरा स्थित गिरिजा कुंड पर भी छठ पर्व धूमधाम से मनाया गया।

सरयू नदी के तट पर हजारों की संख्या में पहुंचीं व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर छठी मैया की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। महिलाओं ने परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की दीर्घायु की कामना की। पारंपरिक वेशभूषा में महिलाएं फल और पूजन सामग्री से सजे सूप लेकर घाटों पर पहुंचीं। घाटों पर छठी मैया के पारंपरिक गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।गुप्तार घाट पर पर्व की विशेष छटा देखने को मिली। यहां महिलाओं के साथ बड़ी संख्या में पुरुष भी पूजा-अर्चना में शामिल हुए। जनौरा के गिरिजा कुंड पर भी व्रती महिलाओं ने पूरे विधि-विधान से पूजा कर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर सरयू नदी में एसडीआरएफ की टीम तैनात रही। वहीं विभिन्न घाटों पर पुलिस बल की तैनाती कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई। पूरे जनपद में छठ पर्व को लेकर उत्साह और उल्लास का माहौल रहा।

छठ महापर्व आस्था, पवित्रता और लोककल्याण का प्रतीक: रंजीत सिंहअयोध्या के प्रसिद्ध व्यवसायी एवं समाजसेवी रंजीत सिंह ने छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छठ पूजा भारतीय संस्कृति, आस्था और परंपरा का अद्भुत प्रतीक है। यह पर्व हमें प्रकृति, सूर्यदेव और जल के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की प्रेरणा देता है। छठी मैया की उपासना में समर्पण, अनुशासन, स्वच्छता और सामाजिक एकता का संदेश निहित है।उन्होंने कहा कि सरयू तट सहित सभी पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में व्रती महिलाएं कठिन नियमों का पालन करते हुए सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करती हैं और परिवार के कल्याण की कामना करती हैं। सरयू तट पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने अयोध्या की समृद्ध लोक परंपरा और सांस्कृतिक विरासत की जीवंत तस्वीर प्रस्तुत की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.