पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा और बलोचिस्तान में मेजर समेत चार की मौत, 24 आतंकवादी मारे गए

इस्लामाबाद (पाकिस्तान), 15 नवंबर । देश के अशांत प्रांत बलोचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा के उत्तरी वजीरिस्तान में खुफिया सूचना पर आधारित सैन्य अभियान में एक मेजर समेत चार सैनिक शहीद हो गए, जबकि 24 आतंकवादी मारे गए। पाकिस्तान सशस्त्र बलों की एकीकृत मीडिया और जनसंपर्क शाखा इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशन (आईएसपीआर) ने शनिवार को जारी विज्ञप्ति में जानकारी दी।

डान अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, विज्ञप्ति में कहा गया कि 13 नवंबर से सशस्त्र बलों ने ‘कोलपुर, करदागाप और नुश्की के आसपास’ अभियान शुरू किया। क्वेटा-ताफ्तान नेशनल हाइवे -40 पर गश्त बढ़ाई गई। 13-14 नवंबर की रात कोलपुर में सुरक्षा बलों ने आठ आतंकवादियों को मार गिराया। इनमें एक आत्मघाती हमलावर भी शामिल था। सुरक्षा बलों ने भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया। इसके बाद 14 नवंबर को आतंकवादियों ने ‘हथियारों से लैस क्वाडकॉप्टर (ड्रोन)’ के जरिए गश्त कर रहे सेना के वाहनों को निशाना बनाया। इस हमले में चकवाल जिले के मेजर उमर मिन्हास नासिर और कोटली सत्तियां के हवलदार मोहम्मद अदनान खान की जान चली गई।

आईएसपीआर ने एक दूसरी विज्ञप्ति में बताया कि उत्तरी वजीरिस्तान में मुठभेड़ में दो सैनिक शहीद हो गए और 16 आतंकवादी मारे गए। उत्तरी वजीरिस्तान के मीर अली, दत्ता खेल और आसपास के इलाकों में आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया गया। आईएसपीआर ने बताया कि पिछले 12 घंटों में हुई भीषण गोलीबारी के बाद अली खेल में 12 आतंकवादी)मारे गए। इसके अलावा, मीर अली और दत्ता खेल में भी दो-दो आतंकवादियों को मार गिराया गया। इन अभियानों के दौरान 43 वर्षीय हवलदार अस्मत अली और 32 वर्षीय नायक आफताब अली शहीद हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.