पेट्रोल 74 पैसा और डीजल 1.30 रुपये प्रति लीटर हुआ सस्ता

नई दिल्ली: पेट्रोल के दाम में 74 पैसे प्रति लीटर और डीजल के भाव में 1.30 रुपये प्रति लीटर की कटौती की गई है। नई दरें आधी रात से प्रभाव में आएंगी।

पेट्रोल की कीमत 61.13 रुपये और डीजल की 48.01 रुपये हुई
देश की सबसे बड़ी खुदरा ईंधन कंपनी इंडियन ऑयल कारपोरेशन ने कहा कि इस कटौती के बाद दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 61.13 रुपये प्रति लीटर हो गई है, जो फिलहाल 61.87 रुपये लीटर है। इसी प्रकार, डीजल की कीमत 48.01 रुपये प्रति लीटर होगी जो फिलहाल 49.31 रुपये है।

इससे पहले, पेट्रोल के दाम में लगातार दो बार और डीजल में चार बार वृद्धि की गई थी। पेट्रोल में इससे पहले 17 मार्च को 3.07 रुपये प्रति लीटर तथा चार अप्रैल को 2.19 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की गई थी। वहीं डीजल में चार अप्रैल को 98 पैसे प्रति लीटर तथा तीन बार में 3.65 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी।

आईओसी ने कहा, ‘अंतरराष्ट्रीय बाजार में पेट्रोल तथा डीजल की कीमतों का मौजूदा स्तर तथा भारतीय रुपये-डॉलर की विनिमय दर से दोनों ईंधन के दाम में कटौती की स्थिति बनी थी। इसके कारण इसका लाभ ग्राहकों को दिया जा रहा है।’ सार्वजनिक क्षेत्र की आईओसी, भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लि. तथा हिंदुस्तान पेट्रोलियम कारपोरेशन लि. तेल की औसत कीमत तथा पिछले पखवाड़े की विदेशी विनिमय दर के आधार पर हर महीने की एक और 16 तारीख को ईंधन के दाम में संशोधन करती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.