चित्रगुप्त मंदिर में कथा व कलम-दवात पूजन

हरिद्वार, 12 नवंबर । श्री चित्रगुप्त मंडल हरिद्वार ने भेल सेक्टर-3 स्थित चित्रगुप्त मंदिर में चित्रगुप्त कथा एवं कलम-दवात पूजन का आयोजन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कायस्थ समाज के लोग शामिल हुए। शुभारंभ भगवान श्री चित्रगुप्त एवं कलम-दवात पूजन के साथ हुआ। कायस्थ परिवारों ने चित्रगुप्त के समक्ष कलम-दवात अर्पित कर सुख, समृद्धि, ज्ञान, बुद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर मंडल के अध्यक्ष विभास सिन्हा ने कहा कि समस्त प्राणियों के कर्मों का लेखा-जोखा रखने वाले भगवान श्री चित्रगुप्त केवल कायस्थ समाज के ही नहीं, बल्कि संपूर्ण जगत के आराध्य हैं। कलम-दवात पूजा हमें ज्ञान, शिक्षा, सत्य, न्याय और अपने कर्तव्यों के प्रति ईमानदार रहने की प्रेरणा देती है। ऐसे आयोजनों से समाज में एकता, संस्कार और भाईचारे की भावना मजबूत होती है।

सचिव प्रमोद श्रीवास्तव एवं कोषाध्यक्ष अक्षत श्रीवास्तव ने कहा कि भगवान श्री चित्रगुप्त कायस्थ समाज के इष्ट देव हैं। कलम और दवात समाज की पहचान के साथ ज्ञान, विद्या एवं लेखन का प्रतीक हैं। उन्होंने सभी परिवारों से बच्चों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में संजय सक्सेना, ए.के. श्रीवास्तव, वी.के. सक्सेना, अर्चना सक्सेना, अनिल श्रीवास्तव, श्वेता श्रीवास्तव, सौरभ सक्सेना, बालकृष्ण श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.