ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर आरएसी जवान से 4.80 लाख रुपए ठगे

जयपुर, 09 नवंबर । गलता गेट थाना इलाके में ट्रेडिंग में मुनाफा कमाने का झांसा देकर आरएसी के जवान से 4 लाख 80 हजार रुपए की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित शीशराम स्वामी (32) आरएसी की पांचवीं बटालियन घाटगेट में तैनात है। पीड़ित ने गलता गेट थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।

गलता गेट थानाधिकारी धर्मेंद्र शर्मा के अनुसार, करीब चार-पांच महीने पहले शीशराम स्वामी ने ट्रेडिंग में निवेश किया था। उस दौरान उसे करीब 5 हजार रुपए का मुनाफा हुआ था, लेकिन बाद में उसने ट्रेडिंग बंद कर दी। करीब चार दिन पहले उसके पास एक अनजान नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने ट्रेडिंग में अच्छा मुनाफा होने का लालच देकर उसे दोबारा निवेश करने के लिए तैयार कर लिया।

पीड़ित जवान ने 7 नवंबर को दोबारा ट्रेडिंग में निवेश करना शुरू किया और अलग-अलग किस्तों में रकम जमा करवाता रहा। इस दौरान ट्रेडिंग करवाने वाले व्यक्ति ने अपने नियंत्रण वाले ट्रेडिंग खाते के माध्यम से उसे निवेश करवाया। करीब 4 लाख 80 हजार रुपए लगाने के बाद आरोपी ने अपना मोबाइल नंबर बंद कर दिया। इसके बाद पीड़ित को ठगी का पता चला। पीड़ित ने पुलिस को वह मोबाइल नंबर उपलब्ध करवाया है, जिसके जरिए आरोपी उससे संपर्क में था। पुलिस ने मामला दर्ज कर मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। थानाधिकारी धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ वित्तीय धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उपलब्ध तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.