फतेहाबाद : सीआईए रतिया पुलिस ने एक करोड़ की हेरोइन सहित कार सवार युवक को किया गिरफ्तार

फतेहाबाद, 09 नवंबर । नशे के सौदागरों के खिलाफ फतेहाबाद पुलिस का अभियान लगातार रंग ला रहा है। इसी कड़ी में सीआईए रतिया पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक करोड़ रुपये से अधिक कीमत की 504 ग्राम हेरोइन सहित एक तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त काले रंग की कार को भी अपने कब्जे में ले लिया है। यह जानकारी सोमवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए डीएसपी रतिया कुलवंत सिंह ने दी। पकड़े गए आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

डीएसपी कुलवंत सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान लखविंद्र सिंह उर्फ प्रवीण पुत्र संतोख सिंह निवासी गांव मिराना के रूप में हुई है। वह अब रतिया शहर की शिमलापुरी कॉलोनी में रहता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फतेहाबाद पुलिस जिले में नशा तस्करों को किसी भी सूरत में बख्शने वाली नहीं है, और इस बरामदगी के बाद पुलिस का मुख्य लक्ष्य इस अवैध नेटवर्क के सरगनाओं तक पहुंचना है। डीएसपी ने बताया कि सीआईए रतिया के एएसआई राजेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम को नशा तस्करी के संबंध में गुप्त सूचना मिली थी। सूचना को पूरी तरह पुख्ता मानते हुए पुलिस टीम ने तुरंत रतिया-भूना रोड स्थित मुंशीवाली नहर पुल के पास नाकाबंदी कर वाहनों की गहन जांच शुरू कर दी। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक संदिग्ध काले रंग की हुंडई आई-20 कार को रुकवाया गया। जब पुलिस ने नियमानुसार कार की तलाशी ली, तो उसमें रखे एक प्लास्टिक के लिफाफे से 504 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को दबोच लिया। इस संबंध में थाना शहर रतिया में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

डीएसपी ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से गहनता से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि हेरोइन की यह भारी-भरकम खेप कहां से लाई गई थी, इसे रतिया या आसपास के किस क्षेत्र में सप्लाई किया जाना था और इस अवैध कारोबार के पीछे कौन-कौन बड़े सप्लायर सक्रिय हैं। पुलिस अधिकारियों ने दो टूक शब्दों में कहा है कि यह कार्रवाई केवल एक आरोपी की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पुलिस इस पूरे नेटवर्क की सप्लाई चेन को खंगालकर इसमें संलिप्त हर एक चेहरे को कानून के कटघरे में खड़ा करेगी। रिमांड के दौरान सामने आने वाले अन्य तथ्यों के आधार पर आगे और भी बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.