बढ़ते स्टाफ के बीच जेडीए कार्यालय का होगा पुनर्गठन, 7.32 करोड़ रुपये से बढ़ाई जाएगी क्षमता

जयपुर, 04 अक्टूबर । अधिकारियों और कर्मचारियों की संख्या बढ़ने के कारण जेडीए कार्यालय परिसर में बैठने की जगह की कमी को दूर करने के लिए कार्यालय के पुनर्गठन और सुविधाओं के विस्तार का काम किया जा रहा है। जेडीए प्रशासन ने नागरिक सेवा केंद्र की क्षमता बढ़ाने के लिए 7.32 करोड़ रुपये की लागत से रिस्ट्रक्चरिंग कार्य स्वीकृत किया है। मौजूदा पार्टीशन हटाने का काम फिलहाल जारी है।

जेडीसी सिद्धार्थ महाजन ने बताया कि अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय और कामकाज को सुगम बनाने के लिए नागरिक सेवा केंद्र के बेसमेंट में दो नए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष तैयार किए गए हैं। इनमें एक की क्षमता 15 और दूसरे की नौ अधिकारियों की है। दोनों कक्षों का नियमित उपयोग किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि रिस्ट्रक्चरिंग का काम पूरा होने के बाद अधिकारियों के लिए नए कक्ष, वर्क स्टेशन और आगंतुकों के लिए कक्ष विकसित किए जाएंगे। बढ़ते स्टाफ को देखते हुए कार्यालय में उपलब्ध स्थान का भी अधिकतम उपयोग किया जा रहा है। रिकॉर्ड आदि रखने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे कुछ कक्षों को चरणबद्ध तरीके से खाली करवाकर कर्मचारियों के बैठने की व्यवस्था के लिए उपयोग में लिया जा रहा है।

जेडीए कार्यालय के विभिन्न कॉरिडोर में अव्यवस्थित तरीके से रखी अलमारियों को भी व्यवस्थित किया गया है। आवश्यकता वाले स्थानों से कुछ अलमारियां हटाई गई हैं, जिससे कॉरिडोर में आवागमन के लिए अधिक जगह उपलब्ध हुई है।

कार्यालय परिसर के स्वरूप में सुधार के लिए पुरानी अलमारियों का आवश्यकतानुसार रखरखाव और रंग-रोगन कराया गया है। इसके अलावा वॉल रेलिंग, रूफ पैराफिट की दीवार, गार्डन फेंसिंग और पार्किंग भवन सहित अन्य स्थानों पर भी रंग-रोगन कराया गया है।

जेडीए प्रशासन के अनुसार इन व्यवस्थागत बदलावों का उद्देश्य अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए बेहतर कार्यस्थल उपलब्ध कराने के साथ कार्यालय आने वाले लोगों के लिए भी सुविधाएं बढ़ाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.