कैंसर उपचार को मिली नई सुविधा, हरिद्वार में सिटी-पेट स्कैन मशीन का शुभारंभ

होप सुपर स्पेशियलिटी एवं कैंसर हॉस्पिटल में शुक्रवार को सिटी-पेट स्कैन मशीन का शुभारंभ चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा सचिव विनय शंकर पांडेय ने किया। अब कैंसर मरीजों को जांच के लिए महानगरों में भटकना नहीं पड़ेगा।

सचिव विनय शंकर पांडेय ने कहा कि कैंसर का नाम सुनते ही पूरा परिवार मानसिक और आर्थिक संकट में आ जाता है। लंबे और महंगे इलाज के लिए महानगरों की दौड़ लगानी पड़ती है। हरिद्वार में यह सुविधा मिलना बड़ी उपलब्धि है और डॉ. एसके मिश्रा का यह प्रयास सराहनीय है। इससे मरीजों के समय और संसाधनों की बचत होगी। उन्होंने कहा कि चिकित्सा सेवा मानवता की महान सेवा है और गरीब-जरूरतमंद मरीजों को उपचार उपलब्ध कराना सामूहिक जिम्मेदारी है।

अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रविंद्र पुरी महाराज ने कहा कि विद्या दान की तरह चिकित्सा दान भी महान दान है। जरूरतमंद को समय पर इलाज मिलना पूरे परिवार में उम्मीद जगाता है। होप हॉस्पिटल का यह विस्तार हर वर्ग तक पहुंचना चाहिए।

हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. एसके मिश्रा ने कहा कि इस मशीन के शुरू होने से हरिद्वार को बेहतर कैंसर उपचार का केंद्र बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

इस अवसर पर अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, महामंडलेश्वर डॉ. संतोषानंद देव, महामंडलेश्वर सत्यश्री महाराज, जगदीश लाल पाहवा, प्रमोद शर्मा, सीए आशुतोष पांडेय, डॉ. संजय शाह, डॉ. मनीष दत्त,उज्ज्वल पंडित सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.