परिसंपत्तियों के बेहतर रख-रखाव के लिए विभाग तैयार करें ठोस कार्ययोजना: आशीष श्रीवास्तव

देहरादून, 20 नवंबर । प्रदेश के सभी विभाग अपनी परिसंपत्ति प्रबंधन योजना को सुव्यवस्थित और सुदृढ़ तरीके से तैयार करें। इसके लिए स्पष्ट एवं मापनीय लक्ष्य निर्धारित किए जाएं। अपर सचिव आशीष श्रीवास्तव ने शुक्रवार को यह बात सुद्धोवाला में आयोजित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय पीयर लर्निंग कार्यशाला के दूसरे दिन कही।

अपर सचिव आशीष श्रीवास्तव ने विभागों को छोटे-छोटे सुधारात्मक बदलावों (इन्क्रीमेंटल इम्प्रूवमेंट्स) पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि विभागों को स्पष्ट और मापनीय स्मार्ट लक्ष्य निर्धारित करने के साथ प्रत्येक लक्ष्य के अनुरूप स्मार्ट इंडिकेटर्स और टारगेट भी तय करने चाहिए।

उन्होंने कहा कि निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए विभागों को गैप असेसमेंट करना चाहिए, ताकि वर्तमान स्थिति और अपेक्षित परिणामों के बीच अंतर की पहचान की जा सके। इसके आधार पर योजनाओं को प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक कार्यों और हस्तक्षेपों को चिह्नित किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि परिसंपत्ति प्रबंधन योजना का दीर्घकालिक लाभ यह होगा कि विभाग अपनी मौजूदा परिसंपत्तियों का बेहतर रखरखाव, संरक्षण और प्रबंधन कर सकेंगे। इससे नई परिसंपत्तियों के निर्माण पर होने वाले अनावश्यक खर्च में कमी आएगी और उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग संभव होगा।

कार्यशाला में विभिन्न सार्वजनिक परिसंपत्तियों के नियोजन, निर्माण, संचालन, रखरखाव और दीर्घकालिक उपयोग को अधिक प्रभावी बनाने के लिए अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों एवं उत्तराखंड के अधिकारियों ने विस्तृत कार्ययोजनाओं पर मंथन किया।

कार्यशाला में आईएसबीटी हाउसिंग सोसायटी एवं पार्किंग सुविधा, आयुष अस्पताल भवन एवं आवश्यक सेवाओं, शीशमबाड़ा में सीवेज वेस्ट मैनेजमेंट सुविधा, ग्रामीण सामुदायिक केंद्रों को पर्यटन सुविधा केंद्र के रूप में विकसित करने, प्रदेशभर में पार्किंग सुविधाओं, कैंचीधाम मल्टीस्टोरी पार्किंग और ग्रामीण सड़क अवसंरचना के रख-रखाव एवं प्रबंधन पर चर्चा की गई।

इसके अतिरिक्त संयुक्त राष्ट्र आर्थिक एवं सामाजिक मामलों के विभाग (यूएनडीईएसए) की ओर से यूएन-आईएएम टूलकिट के उपयोग पर प्रस्तुतीकरण दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.