शिक्षक सम्मेलन में समस्याओं पर मंथन, समाधान पर विचार विमर्श

धौलपुर, 18 सितंबर । अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान विद्यालय शिक्षा जिला धौलपुर का जिला स्तरीय शैक्षिक सम्मेलन शुक्रवार को धौलपुर में संपन्न हुआ। सम्मेलन में शिक्षक हितों, विद्यालयी शिक्षा की गुणवत्ता, संस्कार आधारित शिक्षा तथा शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर व्यापक विचार-विमर्श किया गया।

सम्मेलन के मुख्य अतिथि जयराम जाट सह संगठन मंत्री अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ तथा मुख्य वक्ता भागीरथ विभाग संघ चालक रहे। अध्यक्षता शैक्षिक महासंघ के जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम शर्मा ने की। विशिष्ट अतिथि जितेंद्र जादौन अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक, समग्र शिक्षा, धौलपुर एवं महेश मंगल, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी धौलपुर रहे। मुख्य अतिथि जयराम जाट ने “हमारा विद्यालय–हमारा तीर्थ” विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा प्राप्त करने का स्थान नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण, संस्कार एवं राष्ट्र निर्माण का केंद्र है। मुख्य वक्ता भागीरथ जी ने अपने संबोधन में संत रविदास के जीवन, विचारों एवं सामाजिक समरसता के संदेश पर प्रकाश डाला।

जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम शर्मा ने कहा कि तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण एवं पदोन्नति की प्रक्रिया शीघ्र शुरू कर समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाए। सभी संवर्गों की वेतन विसंगतियों को दूर करने के साथ ही वर्ष 2005 एवं 2008 में नियुक्त तृतीय श्रेणी अध्यापकों के वेतनमान की विसंगति का शीघ्र निराकरण किया जाए। मंत्री नवनीत प्रिय त्रिपाठी ने पुरानी पेंशन एवं टेट में छूट की मांग रखी। सम्मेलन के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में दीर्घकालीन सेवाएं देने वाले सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान किया गया। सम्मेलन में मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी बाड़ी रामनिवास मीणा एवं मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सरमथुरा रामगोपाल मीणा सहित खंड कार्यकारिणी के अध्यक्ष-मंत्री तथा जिलेभर के संगठन पदाधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.