मीरजापुर, 10 सितंबर । उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में कटरा पुलिस ने चेन स्नेचिंग के मामले में वांछित दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। दोनों के कब्जे से दो तमंचे, तीन कारतूस, एक खोखा और छीनी गई चेन का टुकड़ा बरामद हुआ। घटना में प्रयुक्त बाइक भी पुलिस ने बरामद कर ली।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह के अनुसार, गुरुवार रात जान्हवी तिराहे पर चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। दोनों बाइक की रफ्तार बढ़ाकर दूधनाथ तिराहा होते हुए नटवा की ओर भागने लगे। घेराबंदी किए जाने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी और वह गिर पड़ा। दूसरे आरोपी को पुलिस ने पीछा कर पकड़ लिया।
घायल आरोपी की पहचान सोनभद्र के कर्मा थाना क्षेत्र के खुटहनियां निवासी सद्दाम उर्फ लखेन्दर (34) के रूप में हुई। उसके पास से तमंचा, एक जिंदा व एक खोखा कारतूस और पीली धातु की चेन बरामद हुई। दूसरे आरोपी की पहचान भदोही के औराई थाना क्षेत्र निवासी फिरोज आलम (30) के रूप में हुई। उसके पास से तमंचा और दो जिंदा कारतूस मिले। घायल सद्दाम को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत सामान्य बताई गई।
पूछताछ में आरोपियों ने एक सितंबर को नटवा तिराहे के पास बाइक सवार बुजुर्ग महिला के गले से चेन छीनने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक बरामद चेन का टुकड़ा उसी घटना से संबंधित है। मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार पाठक, मंडी समिति चौकी प्रभारी महेंद्र पटेल और मुकेरी बाजार चौकी प्रभारी लल्लन यादव समेत पुलिस टीम शामिल रही।