प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करना और पर्यावरण संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी : मनीष झावर

कानपुर, 09 सितंबर । प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर कार्यरत कुलियों को स्टील की पानी की बोतलें वितरित की गई हैं, ताकि वे प्लास्टिक की बोतलों के इस्तेमाल को कम करने के साथ पर्यावरण संरक्षण के संदेश को भी आगे बढ़ा सकें। यह बातें बुधवार को जेसीआई जोन-2 के अध्यक्ष मनीष झावर ने कहीं।

कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर प्लास्टिक के इस्तेमाल को कम करने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से सामाजिक संस्था जेसीआई जोन-2 की ओर से विशेष पहल की गई। प्लेटफार्म नंबर एक पर आयोजित कार्यक्रम में स्टेशन पर कार्यरत कुलियों को करीब 200 स्टील की पानी की बोतलें वितरित की गईं। इसके साथ ही मेडिकल इमरजेंसी के दौरान यात्रियों की तत्काल मदद के लिए स्टेशन को एक स्ट्रेचर भी उपलब्ध कराया गया।

कार्यक्रम में कानपुर सेंट्रल के निदेशक आकांशु गोविल ने कुलियों को स्टील की पानी की बोतलें वितरित कीं। उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों के साथ कुली और अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहते हैं। ऐसे में प्लास्टिक के उपयोग को कम करने के लिए इस तरह की पहल महत्वपूर्ण है। स्टील की बोतलों के इस्तेमाल से सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग कम होगा और लोगों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का भाव भी मजबूत होगा।

आकांशु गोविल ने कहा कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा रेलवे की प्राथमिकता है। मेडिकल इमरजेंसी में बीमार या घायल यात्री को तत्काल एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने की आवश्यकता होती है। स्टेशन पर स्ट्रेचर की उपलब्धता से जरूरतमंद यात्रियों को समय पर सहायता मिल सकेगी।

जेसीआई जोन-2 के सदस्य अमित सिंह ने कहा कि कानपुर सेंट्रल जैसे व्यस्त रेलवे स्टेशन पर कुलियों को स्टील की बोतलें उपलब्ध कराना छोटा लेकिन प्रभावी प्रयास है। कुली स्टेशन की व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और दैनिक कार्य के दौरान उन्हें पानी की आवश्यकता होती है। स्टील की बोतलों के उपयोग से प्लास्टिक की बोतलों पर उनकी निर्भरता कम होगी।

मनीष झावर ने कहा कि संस्था आगे भी सामाजिक और जनहित से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी। उन्होंने कहा कि स्टेशन को स्ट्रेचर उपलब्ध कराने का उद्देश्य मेडिकल इमरजेंसी के दौरान यात्रियों को तत्काल सहायता पहुंचाना है। कार्यक्रम में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली अपनाने का संदेश देते हुए लोगों से सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करने की अपील की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.