उत्तराखंड एसआईआर: अब तक 2.84 लाख दावे-आपत्तियां प्राप्त

देहरादून, 14 अगस्त । उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तीसरे चरण के तहत मतदाता सूची को लेकर दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने का सिलसिला जारी है। 14 जुलाई से 13 अगस्त तक राज्य में विभिन्न माध्यमों से कुल 2,83,890 दावे एवं आपत्तियां प्राप्त हुई हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने शुक्रवार को मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में एसआईआर की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने राजनीतिक दलों से दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया में अपने बूथ लेवल एजेंट्स (बीएलए) की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

प्राप्त दावे-आपत्तियों में करीब 1.28 लाख फार्म-6, 1.07 लाख फार्म-7 और 47 हजार फार्म-8 शामिल हैं। वर्तमान में इन फार्मों को डिजिटाइज करने की प्रक्रिया जारी है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दावे-आपत्तियों के निस्तारण से संबंधित नियमों की बिंदुवार जानकारी दी। उन्होंने लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण नियम, 1960 और मैनुअल ऑफ इलेक्टोरल रोल में निर्धारित प्रावधानों से भी अवगत कराया।

उन्होंने कहा कि दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण के दौरान बीएलए की सक्रिय भागीदारी से प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने में मदद मिलेगी।

बैठक में उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास समेत भाजपा, कांग्रेस, बसपा, आम आदमी पार्टी और सीपीआई (एम) के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

————

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.