पीएम आवास के बाहर धरने पर बैठे राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं को पुलिस ने हटाया, हिरासत के बाद किया रिहा
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन कर रहे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे,अखिलेश यादव सहित कई विपक्षी नेताओं को मंगलवार को दिल्ली पुलिस ने धरना स्थल से हटाकर हिरासत में लिया। बाद में सभी नेताओं को रिहा कर दिया गया।
कांग्रेस का कहना है कि वह छात्रों से जुड़े मुद्दों, हालिया पुलिस कार्रवाई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रधानमंत्री आवास तक मार्च कर रही थी। प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने पीएम आवास के निकट धरना शुरू कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का हवाला देते हुए उन्हें वहां से हटा दिया।

पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कुछ समय तक धक्का-मुक्की भी हुई। इसके बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य नेताओं को बसों में बैठाकर हिरासत में ले जाया गया। कई घंटों बाद सभी को रिहा कर दिया गया।
इससे पहले पीएम आवास के पास धरना दे रहे राहुल गांधी और अन्य कांग्रेस नेताओं से मिलने केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह पहुँचे थे. मुलाक़ात के बाद उन्होंने इस बारे में एक्स पर एक लम्बा पोस्ट लिखा. जितेंद्र सिंह ने दावा किया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी वादा करके अपनी बात से मुकर गए.
दूसरी ओर, कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकार, विपक्ष की आवाज़ दबाने की कोशिश कर रही है और छात्रों के मुद्दों पर जवाब देने से बच रही है। वहीं सरकार का कहना है कि प्रधानमंत्री आवास उच्च सुरक्षा क्षेत्र है और वहां बिना अनुमति प्रदर्शन करना सुरक्षा प्रोटोकॉल का उल्लंघन है।
इस घटनाक्रम के बाद सियासी माहौल और गर्म हो गया है तथा विपक्ष ने छात्रों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर सरकार को संसद के भीतर और बाहर घेरने के संकेत दिए हैं।