गाँधी विद्या संस्थान पर कब्जा लोकतंत्र पर हमला, किसी कीमत पर स्वीकार नहीं :गाँधीवादी विचारक

नई दिल्ली, 19 जून ( सोमवार )। राष्ट्रीय गांधी स्मारक निधि, दिल्ली के अध्यक्ष रामचन्द्र राही, गांधी शांति प्रतिष्ठान, दिल्ली के अध्यक्ष कुमार प्रशांत, लोकतांत्रिक राष्ट्रअभियान के अध्यक्ष प्रोफेसर आनन्द कुमार, जेपी फाउन्डेशन के अध्यक्ष शशिशेखर प्रसाद सिंह और उत्तर प्रदेश सर्व सेवा संघ के अध्यक्ष राम धीरज ने कहा है कि सर्व सेवा संघ, राजघाट, वाराणसी परिसर में स्थित गाँधी विद्या संस्थान पर कब्जा केवल जमीन और भवन पर कब्जा नहीं है .

बल्कि यह असहमति की आवाज़ , जो लोकतन्त्र की आत्मा होती है, उसको कुचलने की कोशिश है। हम गाँधीवादी इसे किसी कीमत पर स्वीकार नहीं करेंगे। केंद्रीय सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार इसे लेकर अपना रवैया नहीं बदलेगी तो हम इस मसले को जनता की अदालत मे ले जायेंगे।

सोमवार को प्रेस क्लब ऑफ इंडिया के परिसर में पत्रकारों से बातचीत में गांधीवादी विचारकों ने कहा कि आज देश में दो धाराएँ चल रहीं हैं जिसमें एक है, लोकतंत्र के पक्ष में। जो लोग लोकतंत्र के पक्ष में हैं वे सभी गांधीवादी हैं। दूसरी धारा है जो लोकतंत्र के खिलाफ है। यह धारा गांधीवादी सस्थाओं, गांधीवादी विचारों और हमारी विरासतों को मिटाने में लगी है।
