विजेंद्र गुप्ता ने 69वें सीपीसी में मानवाधिकार एवं शांति पर आयोजित कार्यशाला में लिया भाग

नई दिल्ली, 16 सितंबर । दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने बुधवार को दक्षिण अफ्रीका के केप टाउन में आयोजित 69वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन (सीपीसी) में “मानवाधिकारों की रक्षा और शांति को बढ़ावा देना : संसदों की भूमिका” विषय पर आयोजित कार्यशाला में भाग लिया। कार्यशाला में मानवाधिकारों की रक्षा, संसदीय निगरानी को सुदृढ़ करने, अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून को बनाए रखने तथा संघर्षों के शांतिपूर्ण समाधान को आगे बढ़ाने में विधायिकाओं की भूमिका पर विचार-विमर्श किया गया।

इसके बाद विजेंद्र गुप्ता ने राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (सीपीए) के महासचिव स्टीफन ट्विग से भेंट की और उन्हें तीन पुस्तकें भेंट की : ‘एक शताब्दी यात्रा: श्री विट्ठलभाई पटेल’, जिसमें विट्ठलभाई पटेल की संसदीय विरासत को रेखांकित किया गया है; ‘370: अनडूइंग द अनजस्ट: ए न्यू फ्यूचर फॉर जेएंडके’, जिसमें अनुच्छेद 370 के निरसन तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में इस निर्णय से जुड़े राजनीतिक और संवैधानिक घटनाक्रमों का विश्लेषण किया गया है; तथा ‘प्रोसीडिंग्स ऑफ द वॉर कॉन्फ्रेंस हेल्ड एट दिल्ली, 27–29 अप्रैल 1918’। ये प्रकाशन सामूहिक रूप से भारत के विधायी, संवैधानिक और राजनीतिक इतिहास के महत्वपूर्ण अध्यायों को प्रतिबिंबित करते हैं तथा राष्ट्रमंडल देशों के बीच संसदीय विरासत और सहयोग से जुड़े विचार-विनिमय का हिस्सा रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.