नोएडा, 18 सितंबर । उत्तर प्रदेश के नोयडा में थाना जारचा पुलिस ने ग्राम रानोली लतीफपुर में हुई हवाई फायरिंग के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से देशी तमंचा, कारतूस और एक चाकू बरामद किया है। पुलिस ने इनके पास से एक स्कॉर्पियो कार बरामद कर उसे सीज कर दिया।
थाना जारचा के प्रभारी निरीक्षक कैलाश नाथ ने बताया कि सोशल मीडिया पर बृहस्पतिवार को एक वीडियो वायरल हुई, जिसमें 15 सितंबर को ग्राम रानौली लतीफपुर में हवाई फायरिंग करने की वीडियो दिखाई दी। उन्होंने बताया कि जांच कर रही पुलिस को पता चला कि उक्त घटना को अंजाम देने वाले आरोपी आज सुबह को सलारपुर गांव के पास से स्कॉर्पियो कार में सवार होकर जा रहे हैं। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने स्कॉर्पियो कार को रुकवाया तथा जब तलाशी ली तो उसमें एक देशी तमंचा, कारतूस और एक चाकू मिला। उन्होंने बताया कि स्कॉर्पियो कार चला रहे सचिन कुमार और उसके साथी सूबे बंसल से जब पुलिस ने पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि इन्हीं लोगों ने 15 सितंबर को ग्राम रानोली लतीफपुर में हवाई फायरिंग की थी। पुलिस दोनों को आज न्यायालय में पेश कर रही है।