वर्ल्डस्किल्स शंघाई में 14 युवा महिला प्रतियोगी भारत का प्रतिनिधित्व कर रहीं

नई दिल्ली, 25 सितंबर । केंद्र सरकार के कौशल विकास अभियान के तहत भारतीय महिलाओं की तकनीकी, व्यावसायिक और रचनात्मक कौशल में बढ़ती भागीदारी वर्ल्डस्किल्स शंघाई-2026 में वैश्विक मंच पर दिखाई दे रही है। भारत के 70 सदस्यीय प्रतियोगी दल में शामिल 14 युवा महिलाएं 63 कौशल श्रेणियों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में देश का प्रतिनिधित्व कर रही हैं।

कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के अनुसार, 22 से 27 सितंबर तक शंघाई में आयोजित 48वीं वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता में ये महिला प्रतियोगी तकनीकी, विशेषज्ञता आधारित, रचनात्मक और सेवा क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न कौशल श्रेणियों में हिस्सा ले रही हैं।

भारतीय महिला प्रतियोगी केमिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजी, लॉजिस्टिक्स एंड फ्रेट फॉरवर्डिंग, विजुअल मर्चेंडाइजिंग, फैशन टेक्नोलॉजी, रिटेल सेल्स और हेल्थ एंड सोशल केयर के अलावा होटल रिसेप्शन, रेस्तरां सेवा, कुकिंग, पेंटिंग एंड डेकोरेटिंग, हेयरड्रेसिंग, ब्यूटी थेरेपी, बेकरी तथा पेस्ट्री और कन्फेक्शनरी जैसी श्रेणियों में प्रतिस्पर्धा कर रही हैं।

मंत्रालय के अनुसार, महिला प्रतियोगियों की यह भागीदारी युवतियों के लिए उपलब्ध व्यावसायिक विकल्पों के विस्तार को दर्शाती है। महिलाएं अब पारंपरिक करियर विकल्पों से आगे बढ़कर तकनीकी, रचनात्मक, स्वास्थ्य सेवा, लॉजिस्टिक्स, आतिथ्य और अन्य सेवा क्षेत्रों में भी अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर रही हैं।

वर्ल्डस्किल्स इंडिया की आधिकारिक प्रतिनिधि और कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की वरिष्ठ आर्थिक सलाहकार मनीषा शर्मा ने कहा कि वर्ल्डस्किल्स शंघाई में युवा महिलाओं की भागीदारी भारत के कौशल विकास परिदृश्य में हो रहे बदलाव को दर्शाती है। खासतौर पर केमिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजी, लॉजिस्टिक्स और विजुअल मर्चेंडाइजिंग से लेकर आतिथ्य, सौंदर्य और विशेषज्ञ शिल्प जैसी विविध श्रेणियों में महिलाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि प्रयास यह सुनिश्चित करना है कि युवा महिलाओं को अपनी क्षमता और आकांक्षाओं के आधार पर करियर चुनने तथा उच्चतम वैश्विक मानकों पर प्रतिस्पर्धा करने के लिए अवसर, प्रशिक्षण और आत्मविश्वास मिले।

मंत्रालय के अनुसार, प्रतियोगिता में शामिल महिला प्रतिभागियों में केमिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजी में संपदा देसाई, लॉजिस्टिक्स एंड फ्रेट फॉरवर्डिंग में मेहरुन्निसा बेगम, विजुअल मर्चेंडाइजिंग में अनुजा अजय वारे, फैशन टेक्नोलॉजी में विधि नीरव कुमार सुथार और रिटेल सेल्स में सानिया जोशी शामिल हैं।

हेल्थ एंड सोशल केयर में विष्णुप्रिया सुनील, होटल रिसेप्शन में रश्मीत कौर हंसपाल, रेस्तरां सेवा में झांसीरानी राउत, कुकिंग में तनुश्री माजेश, पेंटिंग एंड डेकोरेटिंग में मुस्कान, हेयरड्रेसिंग में जुई संतोष सापके और ब्यूटी थेरेपी में टी. साबिर सुतार भी भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं।

बेकरी में स्मृति नांबियार तथा पेस्ट्री और कन्फेक्शनरी में कृष्णांजलि साहू प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही हैं। इस तरह भारत की 14 युवा महिला प्रतियोगी अलग-अलग तकनीकी, रचनात्मक, स्वास्थ्य, लॉजिस्टिक्स, आतिथ्य और सेवा क्षेत्र से जुड़ी कौशल श्रेणियों में देश का प्रतिनिधित्व कर रही हैं।

मंत्रालय ने कहा कि इन प्रतियोगियों की भागीदारी भारत के कौशल विकास तंत्र में महिलाओं के लिए बढ़ते अवसरों को दर्शाती है। युवा महिलाएं तकनीकी और रचनात्मक क्षेत्रों के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवा, लॉजिस्टिक्स, आतिथ्य और सेवा क्षेत्र में भी करियर के विकल्प तलाश रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.