अवैध हथियारों की तस्करी करने में युवक गिरफ्तार

प्रयागराज, 03 अगस्त । उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की प्रयागराज फील्ड इकाई ने सोमवार को अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के सक्रिय सदस्य को हंडिया थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपित के कब्जे से चार अवैध .32 बोर पिस्टल, आठ .32 बोर मैगजीन, एक मोबाइल फोन, एक डेबिट कार्ड तथा एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

एसटीएफ की प्रयागराज फील्ड इकाई के पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह ने सोमवार देर रात को बताया कि गिरफ्तार आरोपित प्रयागराज जिले के हंडिया थाना क्षेत्र में स्थित औरा बरौत गांव निवासी कुशल पाण्डेय उर्फ शिवम पाण्डेय पुत्र चन्द्रमा प्रसाद पाण्डेय है।

एसटीएफ को लंबे समय से अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोह की गतिविधियों की सूचना मिल रही थी। इस पर प्रयागराज फील्ड इकाई को सक्रिय किया गया और लगातार सूचना संकलन तथा निगरानी की जा रही थी।

उन्होंने बताया कि सोमवार को मिली सटीक सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम ने हंडिया थाना क्षेत्र के भीटी रेलवे क्रॉसिंग, बरौत रोड के पास घेराबंदी कर उक्त आरोपित को गिरफ्तार किया।

पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह के अनुसार, पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि वह पिछले कई वर्षों से बिहार के रोहतास और अन्य क्षेत्रों से अवैध पिस्टल खरीदकर प्रयागराज और आसपास के जिलों में उनकी आपूर्ति करता था।

आरोपित ने यह भी बताया कि वह एक पिस्टल लगभग 30 हजार रुपये में खरीदकर 35 से 40 हजार रुपये में बेचता था और हथियारों की तस्करी के लिए मोटरसाइकिल का इस्तेमाल करता था।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ पहले भी अवैध हथियारों से जुड़े मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। आरोपित के विरुद्ध थाना हंडिया में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।

पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश एसटीएफ प्रदेश में अवैध हथियारों की तस्करी, संगठित अपराध और अपराधियों के नेटवर्क पर लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी प्रकार जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.