माघ मेला-2027 की तैयारियों काे लेकर रेलवे और प्रशासन की पहली समन्वय बैठक, सुविधाओं पर हुई चर्चा

प्रयागराज, 10 सितंबर । माघ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर प्रयागराज मंडल की सिविल एवं मेला प्रशासन के साथ पहली समन्वय बैठक गुरुवार को संकल्प सभागार में हुई। बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने की।

बैठक में पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया, मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. और जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा सहित रेलवे व प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में मेला अधिकारी एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) दीपक कुमार ने माघ मेला के दौरान रेलवे की प्रस्तावित व्यवस्थाओं की जानकारी दी। श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम आवाजाही, विशेष ट्रेनों के संचालन, भीड़ नियंत्रण, यात्री सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल और अन्य सुविधाओं पर चर्चा की गई। संभावित भीड़ को देखते हुए वैकल्पिक व्यवस्थाओं पर भी विचार किया गया।

मेला यात्रियों के लिए प्रयागराज जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, नैनी और सूबेदारगंज प्रमुख स्टेशन रहेंगे। इन स्टेशनों पर प्रवेश और निकास व्यवस्था तथा भीड़ नियंत्रण को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया। रेलवे और सिविल प्रशासन इन स्टेशनों का संयुक्त सर्वेक्षण भी करेगा।

मंडल रेल प्रबंधक ने मेला अवधि में प्रयागराज में प्रतियोगी परीक्षाओं का आयोजन न कराने का सुझाव दिया, जिससे यात्रियों और स्थानीय नागरिकों के आवागमन पर अतिरिक्त दबाव न पड़े।

उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने कहा कि माघ मेला में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम यात्रा रेलवे की प्राथमिकता है। इसके लिए रेलवे, पुलिस, जिला और मेला प्रशासन के साथ समन्वय कर समयबद्ध तैयारियां की जा रही हैं। संभावित भीड़ को देखते हुए मुख्य व्यवस्था के साथ वैकल्पिक योजनाएं भी तैयार की जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.