तालाब-नालों को अतिक्रमण मुक्त कर जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करें : गणेश केसरवानी

प्रयागराज, 25 अगस्त । उत्तर प्रदेश की कुंभ नगरी प्रयागराज में शहर के विस्तारित क्षेत्रों में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए तालाबों, नालों और नालियों को संरक्षित करने के साथ ही उन्हें अतिक्रमण मुक्त कराया जाए। जलभराव वाले क्षेत्रों में तत्काल पंप लगाकर पानी की निकासी सुनिश्चित की जाए और निकासी के बाद सफाई व चूना छिड़काव कराया जाए। यह निर्देश महापौर गणेश केसरवानी ने मंगलवार को नगर निगम के जोन 08 झूंसी कार्यालय में पार्षदों और अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक में दिए।

महापौर ने कहा कि वर्षा के दौरान जिन स्थानों पर हर साल जलभराव होता है, उन्हें पहले से चिन्हित कर वहां पंप और अन्य जरूरी संसाधनों की व्यवस्था रखी जाए, ताकि जल निकासी में देरी न हो। उन्होंने कहा कि विस्तारित क्षेत्रों में स्थित तालाबों, नालों और नालियों का संरक्षण नगर निगम की प्राथमिकता है। जहां तालाबों और नालों पर अतिक्रमण या अवैध कब्जा है, वहां नियमानुसार कार्रवाई कर उन्हें मुक्त कराया जाए।

महापौर के निर्देश पर 60 फीट रोड स्थित नाले को अवैध कब्जे से मुक्त कराने की कार्रवाई भी की गई। उन्होंने कहा कि नालों को अतिक्रमण मुक्त करने से जल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी और बारिश के दौरान जलभराव की समस्या कम करने में मदद मिलेगी।

बैठक में वर्षा जलभराव, सीवर व्यवस्था, नाला-नालियों की सफाई, जल निकासी, अतिक्रमण, चूना छिड़काव, फॉगिंग और तालाबों के संरक्षण सहित विभिन्न जनसमस्याओं पर चर्चा हुई। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जलभराव वाले क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए और समस्या का समयबद्ध समाधान किया जाए।

उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों से पंप के माध्यम से पानी निकाल दिया गया है, वहां तत्काल सफाई और चूना छिड़काव कराया जाए, जिससे नागरिकों को परेशानी न हो। नगर निगम की टीम जल निकासी और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों में लगातार जुटी हुई है। शहर में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यकतानुसार प्रभावी और स्थायी व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं।

महापौर ने जोन 08 के छतनाग, आजाद नगर, सोनौटी, हवेलिया, अंदावा, कनिहार, अमरसापुर और कटका सहित विभिन्न वार्डों के पार्षदों से उनके क्षेत्र की समस्याएं जानीं। पार्षदों द्वारा बताई गई समस्याओं पर संबंधित अधिकारियों को मौके के अनुसार कार्रवाई कर शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

बैठक में जोन कक्ष समिति अध्यक्ष राम मिलन पासवान, शिव नारायण यादव, सियाराम मौर्या, कन्हैया लाल, गुल फिरोज, अरुण कुमार मिश्रा पिंटू, बबीता पप्पू यादव, पूरन पासी, अपर नगर आयुक्त शादाब असलम, जोनल अधिकारी अशोक कुमार, अधिशासी अभियंता अजीत कुमार सहित नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.