बच्चों को गतिविधियों और प्रयोगों से सीखने के अवसर मिलना जरूरी : अनिल कुमार

प्रयागराज, 12 सितंबर । बच्चों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित रखने के बजाय उन्हें गतिविधियों और प्रयोगों के माध्यम से सीखने के अवसर देना जरूरी है। इससे उनमें जिज्ञासा, रचनात्मकता, समस्या समाधान की क्षमता और व्यावहारिक ज्ञान विकसित होता है। लर्निंग बाय डूइंग (एलबीडी) कक्ष बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह बातें जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार ने शनिवार को उच्च प्राथमिक विद्यालय मोहिउद्दीनपुर, विकासखंड चाका में एलबीडी कक्ष के उद्घाटन के दौरान कहीं।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और वर्षा जल संचयन के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। बच्चों को सीखने के लिए प्रयोग और गतिविधियों से जोड़ना आवश्यक है। एलबीडी कक्ष इसी दिशा में उपयोगी साबित होगा। उन्होंने विद्यालय की प्रधानाध्यापिका कमर सुल्तान के नेतृत्व में किए जा रहे शैक्षिक और रचनात्मक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यालय का सुव्यवस्थित वातावरण, विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता, अनुशासन और नवाचार आधारित गतिविधियां विद्यालय परिवार की सकारात्मक कार्यशैली को दर्शाती हैं। उन्होंने एलबीडी कक्ष की स्थापना और कार्यक्रम के बेहतर आयोजन के लिए प्रधानाध्यापिका तथा शिक्षक-शिक्षिकाओं को बधाई दी।

इससे पूर्व शनिवार सुबह 11:30 बजे आयोजित समारोह में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार ने एलबीडी कक्ष का उद्घाटन किया। उनके साथ डीसी समेकित शिक्षा विकास पांडेय भी मौजूद रहे। विद्यालय पहुंचने पर स्काउट-गाइड के छात्र-छात्राओं ने बैंड की मधुर धुनों के साथ अतिथियों का उत्साहपूर्ण स्वागत किया। विद्यार्थियों की अनुशासित और आकर्षक प्रस्तुति ने समारोह में विशेष रंग भर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन और माल्यार्पण से हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। समारोह में शिक्षा के साथ संस्कृति, रचनात्मकता और पर्यावरण चेतना का संदेश दिया गया।

प्रधानाध्यापिका कमर सुल्तान ने अतिथियों को अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय में शैक्षिक गतिविधियों के साथ रचनात्मक, सांस्कृतिक और प्रयोगात्मक गतिविधियों को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है। एलबीडी कक्ष से बच्चों को करके सीखने’ का बेहतर अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। अतिथियों ने विद्यालय परिवार की ओर से किए गए आयोजन और शैक्षिक प्रयासों की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.