प्रयागराज, 19 नवंबर । उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने गुरुवार को सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा निरस्त होने के संबंध में सोशल मीडिया पर प्रसारित सूचना को पूरी तरह फर्जी और भ्रामक बताया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विज्ञापन संख्या 05/2026 के तहत सहायक अध्यापक (सम्बद्ध प्राथमिक) एवं सहायक अध्यापक प्राथमिक शहरी पदों की लिखित परीक्षा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार तीन और चार दिसंबर 2026 को ही आयोजित होगी। परीक्षा कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
डॉ. प्रशांत कुमार ने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास न करें और अपनी परीक्षा की तैयारी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रखें। उन्होंने कहा कि आयोग से संबंधित किसी भी सूचना की पुष्टि केवल आधिकारिक माध्यमों से ही करें। बिना सत्यापन के भ्रामक सूचनाओं को आगे प्रसारित करने से भी बचें।
आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्वों ने आयोग के आधिकारिक लेटरहेड, प्रतीक चिह्न और नाम का दुरुपयोग कर सोशल मीडिया पर परीक्षा निरस्त होने का फर्जी पत्र प्रसारित किया है। इस पत्र पर उप सचिव के जाली हस्ताक्षर भी किए गए हैं। आयोग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित व्यक्तियों और संस्था के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस संबंध में प्रयागराज के कर्नलगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है।
उल्लेखनीय है कि आयोग ने इन पदों पर भर्ती के लिए 15 सितंबर 2026 को विज्ञापन जारी किया था। आयोग अध्यक्ष ने दोहराया कि परीक्षा से संबंधित सभी सूचनाएं, विज्ञप्तियां, परीक्षा कार्यक्रम और आवश्यक संशोधन केवल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट [https://upessc.up.gov.in/](https://upessc.up.gov.in/) और अधिकृत एक्स हैंडल @upesscprayagraj पर ही जारी किए जाएंगे। अभ्यर्थी इन्हीं माध्यमों से प्राप्त जानकारी को प्रमाणिक मानें।