प्रयागराज : जबलपुर से गिरफ्तार हुआ 50 हजार का इनामी पशु तस्कर, एसटीएफ की टीम लाएगी यूपी

प्रयागराज, 12 नवंबर । उत्तर प्रदेश की एसटीएफ की प्रयागराज फील्ड इकाई ने गुरुवार को 50 हजार के इनामी पशु तस्कर को मध्य प्रदेश के जबलपुर से गिरफ्तार किया। इसके खिलाफ उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले में पशु तस्करी का मुकदमा दर्ज किया गया है। जिसके बाद से इसकी तलाश की जा रही थी।

पुलिस उपाधीक्षक एसटीएफ प्रयागराज फील्ड इकाई शैलेश प्रताप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित जौनपुर जिले के नगर कोतवाली थाना क्षेत्र के इमामगंज गरीब नवाज निवासी नौशाद उर्फ मुन्ना पुत्र मोहम्मद अहमद है। इसके खिलाफ श्रावस्ती जिले में उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम के तहत दर्ज मुकदमा दर्ज किया गया था। जिसके बाद से फरार था। इसकी गिरफ्तारी के लिए पचास हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है।

गुरुवार को एसटीएफ की फील्ड इकाई प्रयागराज ने अंतरराज्यीय पशु चोर गिरोह के एक सक्रिय सदस्य और 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी नौशाद उर्फ मुन्ना को मध्य प्रदेश में जबलपुर जिले के हनुमानताल थाना क्षेत्र स्थित कसाई मंडी चौराहा कब्रिस्तान के सामने से गिरफ्तार किया। एसटीएफ को पिछले कई दिनों से फरार और इनामी अपराधियों के संबंध में सूचनाएं मिल रही थीं। इसी क्रम में एसटीएफ की विभिन्न टीमों को अभिसूचना संकलन और कार्रवाई के लिए लगाया गया था। पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह के निर्देशन में प्रयागराज फील्ड इकाई की टीम भी नौशाद की तलाश में जुटी थी। टीम को सूचना मिली कि आरोपी जबलपुर में मौजूद है। इसके बाद स्थानीय पुलिस के सहयोग से घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में सामने आया कि नौशाद उर्फ मुन्ना एक ऐसे गिरोह का सक्रिय सदस्य है, जो भैंस, बकरी, गाय और अन्य मवेशियों की चोरी करता था। गिरोह के सदस्य अलग-अलग स्थानों से पशुओं को चोरी कर उत्तर प्रदेश के अलावा अन्य राज्यों में ले जाकर बेच देते थे और उससे मिलने वाली रकम आपस में बांट लेते थे। गिरोह के कई सदस्य पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं। गिरोह के सरगना ददन लोनिया और सदस्य दौलत अली वर्ष 2025 में श्रावस्ती जिले से जेल जा चुके हैं।

एसटीएफ के अनुसार, नौशाद के खिलाफ श्रावस्ती जिले के थाना भिनगा में पशु चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ वर्ष 2025 में दर्ज चार मुकदमों में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की गई थी। इसके अलावा वर्ष 2026 में उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम की धारा 3(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। इसी मामले में उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ ने आरोपित को मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित न्यायालय प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट, न्यायालय संख्या-10 में पेश किया। वहां से उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेने की कार्रवाई की जा रही है, ताकि उसे उत्तर प्रदेश लाकर संबंधित न्यायालय में प्रस्तुत किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.