प्रदेश सरकार धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध : लक्ष्मी नारायण चौधरी

फिरोजाबाद, 27 नवंबर । उत्तर प्रदेश सरकार के गन्ना विकास एवं चीनी मिलें मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने शुक्रवार को बाबा नीम करौली धाम पहुंचकर विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-शांति, खुशहाली एवं निरंतर समृद्धि की कामना की।

प्रभारी मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने दर्शन-पूजन के उपरांत धाम परिसर में चल रहे सौंदर्याकरण एवं निर्माणाधीन मल्टीपरपज हॉल व डॉरमेट्री के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भवन की संरचना, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता तथा कार्य की वर्तमान प्रगति की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने मौके पर मौजूद कार्यदायी संस्था के अभियंताओं एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए और निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य को पूर्ण किया जाए।

प्रभारी मंत्री ने धाम परिसर में श्रद्धालुओं के आवागमन, पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर भी विशेष जोर दिया, ताकि देश-विदेश से आने वाले भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के पश्चात प्रभारी मंत्री ने कहा, “बाबा नीम करौली धाम करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मल्टीपरपज हॉल व डॉरमेट्री के निर्माण से यहाँ आने वाले श्रद्धालुओं और विभिन्न धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजनों के लिए अत्यंत सुगम एवं आधुनिक सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।”

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह, संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.